लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव और फिर विधान परिषद चुनाव में हार का सामना करने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली हार और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा है कि उपचुनाव में सभी सीटों पर भाजपा की हार में बड़ा संकेत है।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने रविवार को ट्विटर पर अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा के साथ तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि ‘टीएमसी के प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा ने आसनसोल लोकसभा से तीन लाख से भी अधिक वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी को हराकर जो ऐतिहासिक जीत हासिल की है। उसके लिए उन्हें और ममता बनर्जी के कुशल नेतृत्व को हार्दिक बधाई। भाजपा का विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें हारना बड़ा संकेत है।’
बता दें कि चार राज्यों में हुए लोकसभा की एक और विधानसभा की चार सीटों पर भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ी है। शनिवार को हुई मतगणना में पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा और बालीगंज विधानसभा सीटें तृणमूल कांग्रेस ने बड़े अंतर से जीती है। वहीं, बिहार की बोचहां विधानसभा सीट राजद और महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर एवं छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं। इन सीटों पर 12 अप्रैल को वोट पड़े थे।
आसनसोल लोकसभा सीट तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा से छीनी है। यहां से तृणमूल प्रत्याशी पूर्व भाजपाई शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा की अग्निमित्रा पॉल को तीन लाख से अधिक वोटों से हराया। सिन्हा करीब तीन साल बाद फिर से लोकसभा में कदम रखेंगे। 2019 में भाजपा ने सिन्हा को टिकट नहीं दिया था जिसके बाद वह पहले कांग्रेस और फिर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए।
आसनसोल सीट भाजपा सांसद रहे बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे से खाली हुई थी। सुप्रियो ने तृणमूल के टिकट पर पश्चिम बंगाल की बालीगंज विधानसभा सीट पर माकपा की सायरा शाह हलीम को 20 हजार से अधिक वोटों से हराया। भाजपा की केया घोष यहां तीसरे स्थान पर रहीं। यह सीट पहले भी तृणमूल कांग्रेस के पास ही थी।