shobhit University Gangoh
 

‘अखिलेश ने वोट बैंक के लिए कराई संभल हिंसा…’, सपा पर बीजेपी का आरोप, भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस को भी घेरा

‘अखिलेश ने वोट बैंक के लिए कराई संभल हिंसा…’, सपा पर बीजेपी का आरोप, भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस को भी घेरा
मुरादाबाद। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान संभल हिंसा पर चर्चा करते हुए सपा पर निशाना साधा। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेश के साथ है। सर्वे न्यायालय के आदेश पर कराया जा रहा था। इसमें लोगों को सहयोग करना चाहिए था। अभी तक की परिस्थितियों से साफ है कि यह साजिश के तहत हुआ है।उपचुनाव नतीजों पर भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उपचुनाव हारने पर सपा में चल रही उठा पटक और अंदरूनी वर्चस्व की लड़ाई के कारण संभल हिंसा हुआ है। जांच आयोग बना है, इसमें साजिश खुलकर सामने आएगी।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपने वोट बैंक के लिए यह सब कर रहे हैं। अन्य दल भी राजनीतिक होड़ के चलते इसमें शामिल हो गए और पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए संभल जा रहे हैं। जांच आयोग बना है, इसमें साजिश खुलकर सामने आएगी।

संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा अभी भी कड़ी

बता दें कि जामा मस्जिद में हरिहर मंदिर होने का दावा पेश किए जाने, फिर अदालती आदेश पर हुए सर्वे के बाद भड़की हिंसा के बाद शहर में तेजी से स्थिति सामान्य हो रही है। बाजारों में रौनक लौट आई है, लेकिन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था अब भी कड़ी है।

शहर को अराजकता की आग में झोंकने वालों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। बीते दिनों उपद्रवियों के पोस्टर जारी किए गए। अब उनके खिलाफ चार्जशीट लगाने की तैयारी है। इतना ही नहीं, चिह्नित किए जा चुके पत्थरबाजों के खिलाफ एनएसए भी लगाया जाएगा। इसके इतर जिलाधिकारी की ओर से 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी भी लगाई गई है।

संभल हिंसा पर एक नजर-

मालूम हो कि 24 नवंबर को जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान उपद्रवियों और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव हो गया था, जो बाद में हिंसक रूप में बदल गया। उपद्रवियों की ओर से किए गए पथराव के साथ फायरिंग और आगजनी से पांच लोगों की मौत हो गई थी और कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। शहर में कर्फ्यू जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पाया था।

Jamia Tibbia