महाराष्ट्र: न्योता मिलने के बाद सक्रिय भाजपा, शिवसेना बोली- कांग्रेस से दुश्मनी नहीं

महाराष्ट्र: न्योता मिलने के बाद सक्रिय भाजपा, शिवसेना बोली- कांग्रेस से दुश्मनी नहीं

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को 14वीं विधानसभा में सरकार बनाने का न्योता भेजा है। भाजपा को 11 नवंबर यानी सोमवार रात आठ बजे बहुमत साबित करने का समय दिया गया है। वहीं  संजय राउत ने कहा है कि शिवसेना सरकार बनाने की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य की दुश्मन नहीं है। सभी पार्टियों की कुछ मुद्दों पर अलग राय हो सकती है। उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि भाजपा अभी तक इंतजार क्यों कर रही है, जबकि कम सीटों में उन्होंने अन्य राज्य में सरकार बनाई है। आज दोपहर 12 बजे एक होटल में शिवसेना विधायकों की बैठक होने वाली है। जिसमें आदित्य ठाकरे विधायकों से चर्चा करेंगे। बैठक में उद्धव ठाकरे भी मौजूद रहेंगे।

किसी एक पार्टी की जीत नहीं है राम मंदिर
शिवसेना नेता संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि किसी एक पार्टी की जीत नहीं है राम मंदिर। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने कभी व्यापार नहीं किया है। जो बड़ा पक्ष होता है उसे खुद दावा करना चाहिए।

महाराष्ट्र में हो महाराष्ट्र की राजनीति
सामना के लेख में शिवसेना ने भाजपा की तुलना हिटलर से की। उन्होंने कहा कि पांच साल दूसरों को डर दिखाकर शासन करने वाली टोली आज खुद खौफजदा है। यह उल्टा हमला है। डराकर मार्ग या समर्थन नहीं मिलता है। महाराष्ट्र की राजनीति महाराष्ट्र में ही होनी चाहिए। महाराष्ट्र दिल्ली का गुलाम नहीं है। इस बार ऐसी स्थिति है कि महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री कौन होगा ये उद्धव ठाकरे तय करेंगे। राज्य के बड़े नेता शरद पवार की भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी। कुछ भी हो लेकिन इस बार भाजपा का मुख्यमंत्री न हो, यह महाराष्ट्र का एक स्वर है।

राज्यपाल ने भाजपा से पूछा अगर सरकार बना सकते हों तो बताएं
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को 14वीं विधानसभा में सरकार बनाने के बारे में राय मांगी है। भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि राज्यपाल के पत्र पर विचार के लिए रविवार को कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें सर्वसम्मति से फैसला होगा। 13वीं विधानसभा का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ही पद से इस्तीफा दे दिया था।

महाराष्ट्र में एक साथ सरकार बनाने का दावा करने वाली भाजपा व शिवसेना के बीच सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर मतभेद के कारण 21 अक्तूबर को आए फैसलों के बाद अभी तक किसी भी दल ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया है। इस बीच शनिवार को एडवोकेट जनरल आशुतोष कुंभाकोनी ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। इसके बाद देर शाम राजभवन ने भाजपा से पूछा कि क्या सरकार बना सकते हैं? इस बीच पूर्व सचिव अनंत कलसे ने कहा, राज्यपाल द्वारा नई विधानसभा के लिए पार्टी को बुलाने क विधानसभा निलंबित रहेगी।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे