एबीवीपी ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर महाराज सिंह कॉलेज में संगोष्ठी का किया आयोजन
सहारनपुर में एमएस कालेज में आयोजित संगोष्ठी में मौजूद छात्र-छात्राएं।
सहारनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर द्वारा आज राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और प्रबुद्धजनों स्वामी जी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
महाराज सिंह कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मनोज सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके शिकागो व्याख्यान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वामी जी ने विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया था। आज के युवाओं को केवल डिग्रियाँ प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वामी जी के उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए के मंत्र को आत्मसात कर राष्ट्र के पुनर्निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाराज सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करना है। स्वामी विवेकानंद का व्यक्तित्व युवाओं के लिए ऊर्जा का वह स्रोत है, जो उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहना सिखाता है। संगोष्ठी का कुशल मंच संचालन महानगर मंत्री रजत गोयल द्वारा किया गया। उन्होंने परिषद के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए युवाओं को सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर परिषद के विभिन्न पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।
कार्यकर्म में कार्तिक धीमान, सह मंत्री अर्पित सैनी, सह मंत्री बंटी धीमान, प्रिंस कोरी, प्रान्त सह संयोजक कार्तिक खेड़ा, अंशु शर्मा, कनक कोरी, मुकुल शर्मा, अंश शर्मा, रोहित, मयंक कश्यप, उमंग, हरि ओम अंकुर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
