राघव चड्ढा के बयान पर AAP नेताओं का पलटवार, अब आतिशी बोलीं, ‘आज देश में हर व्यक्ति…’

राघव चड्ढा के बयान पर AAP नेताओं का पलटवार, अब आतिशी बोलीं, ‘आज देश में हर व्यक्ति…’

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार (3 अप्रैल) को कहा कि ‘खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं.’ दरअसल, आप ने राज्यसभा उपनेता के पद से राघव चड्ढा को हटा दिया. इसके बाद उनकी ये प्रतिक्रिया सामने आई. अब आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने चड्ढा पर निशाना साधा है. दिल्ली की पूर्व सीएम और आप नेता आतिशी ने कहा कि आप बीजेपी से इतने डरे हुए क्यों हैं?

‘आप बीजेपी से इतने डरे हुए क्यों हैं?’

आतिशी ने कहा, “आज मैं राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से कुछ सवाल पूछना चाहती हूं. राघव, आप बीजेपी से इतने डरे हुए क्यों हैं? आप बीजेपी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं? आप मोदी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं?”

उन्होंने आगे कहा, “आज हमारा देश एक बहुत बड़े संकट से गुजर रहा है. आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है. आज हमारे देश का संविधान खतरे में है. आज हमारी आंखों के सामने चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके पश्चिम बंगाल का चुनाव छीना जा रहा है. लेकिन आप इस पर सवाल नहीं उठा रहे हैं. आप इस पर बोलने से डर रहे हैं.”

‘महाभियोग प्रस्ताव पर साइन करने के मना किया’

आतिशी ने आरोप लगाया, “हम सभी ने देखा कि दिल्ली में वोटों की गिनती गलत तरीके से की गई. बीजेपी के अधिकारियों ने गलत वोट बनाकर चुनाव चुरा लिया. और आज यही पश्चिम बंगाल में हो रहा है. आज चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है. लेकिन जब तृणमूल कांग्रेस और पूरा विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाते हैं, तब आप उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर देते हैं.”

आम आदमी पार्टी की नेता ने महंगाई और एलपी गैस सिलेंडर के मुद्दे पर कहा, ‘आज इस देश में, आम आदमी के सामने सबसे बड़ा संकट एलपी गैस सिलेंडर का है. आप एक बड़े आदमी हैं, आप राज्यसभा के सदस्य हैं. हो सकता है आपको कोई समस्या न हो. लेकिन एक आम परिवार, एक छोटा घर या कॉलोनी में रहने वाला परिवार, अपने बच्चों के लिए खाना बनाने में दिक्कत झेल रहा है.”

‘गैस सिलेंडर के मुद्दे पर बोलने से चुप रहे’

आतिशी ने कहा, “क्या आप सोच सकते हैं कि लोग काम पर जाएं या लाइन में खड़े होकर गैस सिलेंडर लें ताकि अगले दिन अपने बच्चों के लिए खाना बना सकें? जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब और दिल्ली में एलपी सिलेंडर का मुद्दा उठाया, जब सांसदों ने इस मुद्दे को उठाया, और जब आपको इस पर बोलने के लिए कहा गया, तब आप चुप रहे. आज इस देश में हर व्यक्ति को यह तय करना होगा कि वह मोदी के साथ है या संविधान और लोकतंत्र के साथ.”

‘क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे?’

आतिशी ने ये भी कहा, ‘मुझे याद है जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था, हम सब सड़कों पर लड़ रहे थे. पुलिस हमें पीट रही थी, घसीट रही थी और हमें ले जा रही थी. हमें दिल्ली के अलग-अलग थानों में रखा गया-नरेला, बवाना. हम हर दिन सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे. जब आप लंदन में थे, आपने कहा था कि आप अपनी आंखों के ऑपरेशन के लिए गए हैं. मीडिया ने हमसे कई सवाल पूछे. हमने बार-बार कहा कि नहीं, राघव चड्ढा डरे हुए नहीं हैं. लेकिन आज मैं भी सोच रही हूं-जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया, तब क्या आप बीजेपी से डरे हुए थे? क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे?”

राघव चड्ढा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हो सकता है आप जेल जाने से डरते हों. लेकिन हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं. हम न बीजेपी से डरते हैं, न मोदी से, न उनकी एजेंसियों से, न ही जेल जाने से. इसीलिए हम इस देश के आम आदमी की आवाज उठाते आए हैं और उठाते रहेंगे.


Leave a Reply