देर रात तक राधा-कृष्ण के भक्तिरस में डूबे रहे श्रद्धालु

देर रात तक राधा-कृष्ण के भक्तिरस में डूबे रहे श्रद्धालु
सहारनपुर में रासलीला कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर प्रस्तुति देते कलाकार एवं राधा-कृष्ण की झांकी पर पुष्प अर्पित करते महापौर डॉ. अजय कुमार व अन्य।

मेला गुघाल की सांस्कृतिक श्रृंखला में जीआईसी सभागार में हुआ भव्य रासलीला कार्यक्रम

सहारनपुर। मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत नगर निगम की ओर से जीआईसी सभागार में भव्य रासलीला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों और श्रीकृष्ण की लीलाओं के भक्तिरस में डूबे रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर की माताश्री एवं पूर्व सभासद श्रीमती संतोष सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक पार्षद सुधीर पंवार की माताश्री श्रीमती शारदा पंवार ने राधा-कृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और रिबन काटकर किया। सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इसके बाद राधादास वसंत एवं अंकुश बाटला की जोड़ी ने श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी विभिन्न लीलाओं पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों का सिलसिला शुरू हुआ तो श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर रहे। छोटे बच्चों ने महाभारत के विभिन्न दृश्यों का आकर्षक चित्रण कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

कार्यक्रम सहसंयोजक संजय फुटेला ने मेला गुघाल की सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। इस पर महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुम्बर, पूर्व सभापति मुकेश गक्खड़, व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, मेला संयोजक संजय सैनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, सीनियर वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष केएल अरोड़ा और महिला नेत्री सरोज शर्मा ने पुष्पवर्षा की।

पुष्पवर्षा के दौरान पूरा सभागार राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के बीच ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि मानो वृंदावन की झलक सभागार में उतर आई हो।

कार्यक्रम संयोजक पार्षद सुधीर पंवार एवं सहसंयोजक संजय फुटेला ने महापौर डॉ. अजय कुमार, राजीव गुम्बर, एससी-एसटी आयोग के सदस्य महीपाल वाल्मीकि, मुख्य अतिथि पूनम अरोड़ा, मेला संयोजक संजय सैनी, व्यापारी नेता शीतल टंडन, उद्यमी रविंद्र मिगलानी, नवीन मिड्ढा, पं. अरुण, यशपाल त्रेहन और दल नेता राजेंद्र कोहली सहित सभी अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, पूर्व पार्षद रेखा रोहिला, प्रवेश धवन, अल्पना तलवार, रीटा सिंह तथा पार्षद नीरज शर्मा, सोपिन पाल और नितिन जाटव सहित अनेक पार्षद एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि जुनेजा ने किया।

Leave a Reply