सिरसका में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, दोनों पक्षों के पांच लोग हिरासत में
नकुड़, 3 अक्टूबर (इंद्रेश)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसका में वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। खेत की जुताई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और इस दौरान फायरिंग हो गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, गांव सिरसका में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को एक पक्ष विवादित खेत में जुताई कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर जुताई रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना हो गई।
एक पक्ष का दावा है कि जमीन से जुड़े मामले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से उसके पक्ष में निर्णय हो चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद तहसील कर्मचारियों की ओर से मामले में विवादित रिपोर्ट लगा दी गई, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हुई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया। बाद में सभी को शांतिभंग की आशंका में एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
बताया गया कि घटना के बाद गांव में फिलहाल स्थिति शांत है। पुलिस दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
