विधायक मुकेश चौधरी ने किया जलार्पण, ग्रामीणों को जल संरक्षण का दिया संदेश
सहारनपुर, 3 अक्टूबर। नकुड़ विधायक एवं उत्तर प्रदेश प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने विकासखंड सरसावा के ग्राम असादपुर में जलार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पानी की प्रत्येक बूंद को महत्वपूर्ण बताया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि “जल ही जीवन है और इसकी हर बूंद अनमोल है।” उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन को अपनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने की अपील की।
उन्होंने जलापूर्ति के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल के लाभों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल के सेवन से जलजनित रोगों और बीमारियों में कमी आएगी। इससे लोग स्वस्थ रहेंगे और अपने कार्य, शिक्षा तथा प्रगति पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
विधायक ने ग्रामीणों से जलापूर्ति की सुविधा का सदुपयोग करने तथा गांव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए ग्रामीणों से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, अधिशासी अभियंता अमित कटियार, सहायक अभियंता रामदत्त, अवर अभियंता अमित कुमार, जी.ए. इंफ्रा के प्रतिनिधि हिमांशु चौधरी तथा अध्यक्ष, गन्ना समिति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
