INDIA गठबंधन की बैठक में उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस को सुनाया, ‘ये ठीक नहीं की…’

INDIA गठबंधन की बैठक में उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस को सुनाया, ‘ये ठीक नहीं की…’

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन की बुधवार को दिल्ली में अहम बैठक हुई। बैठक में चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर साझा रणनीति बनाने के साथ-साथ विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा हुई। इसी दौरान शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस की अलग-अलग आंदोलन करने की रणनीति पर आपत्ति जताई और गठबंधन के बैनर तले संयुक्त आंदोलन की पैरवी की।

उद्धव ठाकरे बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन को अब बड़ा आंदोलन करना चाहिए और सभी दलों को एकजुट होकर सड़कों पर उतरना चाहिए। उनके मुताबिक, गठबंधन के बैनर तले सामूहिक कार्यक्रम होने चाहिए, न कि अलग-अलग पार्टियां अपने स्तर पर आंदोलन करें।

ठाकरे ने महाराष्ट्र में कांग्रेस की ओर से अलग धरना-प्रदर्शन किए जाने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दलों को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी बात प्रभावी ढंग से रखनी है तो सभी को एक मंच पर आकर आंदोलन करना होगा।

4 अक्टूबर को ठाकरे बंधुओं का मार्च

उद्धव ठाकरे ने बैठक में बताया कि महाराष्ट्र में 4 अक्टूबर को शिवसेना (UBT) की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा आंदोलन प्रस्तावित है। इससे पहले उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने संयुक्त रूप से 4 अक्टूबर को मुंबई में मार्च का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने विपक्षी दलों को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया है।

खरगे ने रखीं चुनाव सुधार से जुड़ी मांगें

INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने भविष्य के चुनावों में SIR से पहले तैयार मतदाता सूची के इस्तेमाल की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग भी रखी। खरगे ने CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग दोहराई।

खरगे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कई मौकों पर आपत्तियां दर्ज की हैं। इन दावों के आधार पर विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने अपने कामकाज और निर्णय प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।

INDIA गठबंधन ने बनाई संयुक्त आंदोलन की रणनीति

बैठक के बाद विपक्षी दलों ने SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। रिपोर्टों के अनुसार, गठबंधन ने चुनाव आयोग के समक्ष अपनी मांगें उठाने और साझा आंदोलन का कार्यक्रम तैयार किया है।

इस पूरी कवायद के बीच उद्धव ठाकरे की ‘एकला चलो’ वाली आपत्ति ने INDIA गठबंधन के भीतर आपसी समन्वय को लेकर चर्चा को भी सामने ला दिया है। ठाकरे का जोर इस बात पर है कि यदि गठबंधन को चुनाव आयोग के मुद्दे पर आंदोलन करना है तो सभी सहयोगी दलों को साझा मंच और कार्यक्रम के तहत आगे बढ़ना चाहिए।

Leave a Reply