राज्यसभा चुनाव में टूटेंगे BJP के विधायक? अखिलेश बोले- ‘बहुत लोग संपर्क में हैं…’
उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐसा बड़ा दावा कर दिया है जिससे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की टेंशन बढ़ सकती है. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी के नामांकन के बाद सपा मुखिया ने दावा किया है कि बीजेपी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं और सपा के तीसरे उम्मीदवार को जिताने में पूरी मदद करेंगे. हालांकि, अखिलेश यादव का कहना है कि वे संपर्क में आए सभी बीजेपी विधायकों को अपनी तरफ नहीं ले सकते क्योंकि फिर बाद में उन्हें एडजस्ट कहां करेंगे? न ही वो सभी को टिकट की गारंटी दे सकते हैं.
अखिलेश यादव के इस बयान से बीजेपी खेमे में हलचल तेज हो गई है. अखिलेश यादव ने बीजेपी पर धावा बोलते हुए यह भी कहा कि अगर राज्यसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने ‘वोट चोरी’ या ‘विधायक चोरी’ नहीं की होती तो उस समय भी सपा के पास तीन सांसद होते. जानकारी के लिए बता दें कि उस समय सपा के सात विधायक बागी हुए थे और बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी.
यूपी से सपा के दो राज्यसभा सांसद
जानकारी के लिए बता दें कि साल 2024 के राज्यसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सभी 8 उम्मीदवार और सपा के 2 उम्मीदवार- जया बच्चन और रामजी लाल सुमन जीते थे. सपा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को अपना तीसरा उम्मीदवार बनाया था, लेकिन क्रॉस वोटिंग के चलते वो हार गए थे.
अखिलेश यादव ने की ‘सरप्राइज’ की बात
बता दें, बीते दिन ही अखिलेश यादव ने कहा था कि वह राज्यसभा चुनाव में जनता को ‘सरप्राइज’ देंगे. इसके बाद दो सीटों के लिए अखिलेश यादव ने चार पर्चे खरीदे और अब तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने का दावा किया है. सबसे हैरानी वाला फैसला जिसे अखिलेश यादव का ‘पहला सरप्राइज’ कहा जा सकता है कि वो है धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाना. धनराज नथवानी झारखंड राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं और रिलायंस ग्रुप्स में सीनियर अधिकारी भी हैं.
अखिलेश यादव उन्हें दूसरा नहीं बल्कि तीसरा उम्मीदवार बना रहे हैं. यानी वह कैंडिडेट जिसके लिए चुनाव होना है. ऐसे में बीजेपी के विधायकों के टूटने की आशंका बढ़ गई है. अखिलेश यादव का यह दावा कि बीजेपी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं, इसपर चर्चा तेज हो गई है.
