‘जमीन पर कब्जा करने वाले दबंगों पर हो सख्त कार्रवाई’, जनता दर्शन में बोले CM योगी

‘जमीन पर कब्जा करने वाले दबंगों पर हो सख्त कार्रवाई’, जनता दर्शन में बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश दिए. जमीन पर कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश सीएम योगी ने दिए. देवरिया से आई महिला को बंद रास्ता खुलवाने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किए. गम्भीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज में हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया. इसके पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोशाला पहुंचकर गोसेवा की और गोवंश को रोटी-गुड़ खिलाया

गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में 29 सितंबर (मंगलवार) को दिग्विजयनाथ सभागार के समक्ष जनता दर्शन में यूपी के अलग-अलग जिले से पीड़ित पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 सितंबर (सोमवार) को गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 29 सितंबर (मंगलवार) सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित प्रकल्प ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की.

सीएम योगी ने गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशील तरीके से किया जाए. इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है. हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए.

सीएम योगी ने करीब 150 लोगों से की मुलाकात

गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की. सबको आश्वस्त किया, घबराइए मत, समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा. सबके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी सहायता की जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं. उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे कई लोग

वहीं जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. सीएम योगी ने उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार भरपूर मदद उपलब्ध कराएगी.

मुख्यमंत्री ने गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की. उन्होंने गायों, गोवंश व नंदी को खूब दुलारा, गुड़ खिलाया और गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश की समुचित देखभाल के निर्देश दिए.

Leave a Reply