कानपुर में AIMIM उतारेगी प्रत्याशी, ओवैसी बोले – ‘मैं खुद…’
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि कानपुर की विधानसभा सीट से AIMIM अपने उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारेगी. ओवैसी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं वादा करता हूं कि कानपुर में मजलिस का उम्मीदवार होगा. पिछली बार मैं कानपुर नहीं आ सका था, लेकिन इस बार मैं खुद चुनाव प्रचार के लिए आऊंगा.
कानपुर की जनसभा में बोले असदुद्दीन ओवैसी
हैदराबाद से लोकसभा सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार (22 सितंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट शेयर किया. यह वीडियो ओवैसी के हाल ही में किए दौरे और जनसभा के संबोधन के दौरान का था. जिसमें उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से कहा कि वह कानपुर में AIMIM के उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए दो से तीन बार आएंगे.
उन्होंने कहा, ‘मैं कानपुर में आपके इलाके में पैदल दौरा भी करूंगा, चाहे वो 10 मिनट का ही क्यों न हो. मैं गली-कूचों में जाऊंगा.’ उन्होंने कानपुर की जनता, बुढ़े-बुजुर्ग और महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा, ‘मैं आपके घर पर आकर दस्तक भी दूंगा. आपके घर में आकर भी बैठूंगा, क्योंकि वो आपके साथ-साथ मेरा भी घर है. मैं अपने घर नहीं जाऊंगा, तो क्या अकीयारों के घर पर जाऊंगा.’
ओवैसी की कानपुर से लोगों से अपील
इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से अपनी पार्टी को मजबूत करने और समर्थन देने की भी अपील की. उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे अपील कर रहा हूं कि मजलिस के अपने-अपने वोट का इस्तेमाल करिए और अपनी पार्टी को मजबूत करिए,’
