‘भला क्या जलाये कोई दीया..’, अखिलेश यादव ने कसा BJP पर तंज

‘भला क्या जलाये कोई दीया..’, अखिलेश यादव ने कसा BJP पर तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशवासियों से एक आशीर्वाद का दीया जलाने की अपील की गई थी, जिस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि जब लोगों के घर उजड़ गए हैं और लोग तकलीफ में हैं तो बीजेपी के लोग उत्सव मना रहे हैं. उन्होंने बाढ़ का जिक्र कर भी बीजेपी को आड़े हाथों लिया.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर आशीर्वाद का दीया जलाने की अपील पर कहा कि जहां एक तरफ बाढ़ की वजह से आम लोग और गरीब वर्ग के लोगों के घर उजड़ गए हैं. उनके दुख और तकलीफों को पूछने वाला कोई नहीं हैं वहां बीजेपी को इनका रत्ती भर भी ख़याल नहीं आया और ये उत्सव मनाने के काम कर रहे हैं.

आशीर्वाद दीया को लेकर कसा तंज

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को इन जरुरतमंदों को भोजन, पानी और दवाई जैसी आवश्यक राहत सामग्री दी जानी चाहिए लेकिन, बीजेपी को आम लोगों से कोई मतलब नहीं है. अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- ‘भला क्या जलाये कोई दीया, जब पानी में डूब गया है दीप

भाजपा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी जनता, इस बात से बेहद ख़फ़ा-नाराज़ है कि जब लोगों के घर उजड़ गये हैं, हर तरह तकलीफ ही तकलीफ है, न राहत सामग्री है न कोई पूछनेवाला फिर ऐसे में भाजपा उत्सव मनाने का निंदनीय कृत्य कैसे कर रही है. भाजपा को क्या आम जनता, गरीबों, शोषितों, वंचितों और बाढ़-पीड़ितों का रत्ती भर भी ख़्याल नहीं है.

भाजपा सरकार तत्काल भोजन-पानी, दवाई व अन्य दैनंदिनी ज़रूरतों के लिए राहत सामग्री पहुंचाए या कह दे कि जनता से उसे कोई मतलब नहीं है. घोर निंदनीय!’

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी ने की थी अपील

बता दें कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन मनाया गया. इस अवसर पर बीजेपी की ओर से कई बड़े कार्यक्रम किए गए थे. इसके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने देशवासियों से पीएम मोदी के लिए आशीर्वाद का एक दीया जलाने की अपील की थी.

Leave a Reply