समान शिक्षा, समान अवसर और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
राष्ट्रीय सवर्ण समाज संघ ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष के नाम जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर। समान शिक्षा, समान अवसर, आर्थिक आधार पर आरक्षण, सामान्य वर्ग आयोग के गठन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय सवर्ण समाज संघ के पदाधिकारियों ने हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।
आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि देश में सभी नागरिकों को समान शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। संघ ने आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति अथवा आयोग के गठन की मांग की। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति के आधार पर अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई।
संगठन ने यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित अथवा किए गए संशोधनों की व्यापक समीक्षा किए जाने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों का कहना था कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े नीतिगत निर्णय लेते समय सभी वर्गों के हितों और समान अवसर के सिद्धांत को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
सामान्य वर्ग आयोग के गठन की मांग
राष्ट्रीय सवर्ण समाज संघ ने अन्य वर्गों की तर्ज पर सामान्य वर्ग आयोग गठित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि आयोग के माध्यम से सामान्य वर्ग की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक स्थिति का अध्ययन कराया जाना चाहिए, ताकि समस्याओं और आवश्यकताओं के आधार पर प्रभावी नीतियां तैयार की जा सकें।
इसके साथ ही संघ ने एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के कथित दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों में निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
सामाजिक समरसता पर दिया जोर
ज्ञापन में सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। संगठन ने मांग की कि सभी धर्मों, जातियों, महापुरुषों और समुदायों के प्रति सम्मान की भावना सुनिश्चित की जाए। किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक स्तर पर पिछड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमें वास्तविक जरूरतमंदों को उचित अवसर मिल सकें। उन्होंने सरकार से संगठन की मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान संघ के अध्यक्ष प्रद्युमन शर्मा और उपाध्यक्ष विकास राणा सहित आत्मानुभवी जी महाराज, सतीश शर्मा, अजय कपिल, साजेंद्र कुमार, देवा राणा, सिंह रोहित, रामा, विनोद शर्मा, हरिओम, हुकारण, रसको, बडाहरा, जकुमार रामा, प्रदीप शर्मा, विजय शर्मा, सुरेंद्र राणा, अशोक राणा, राजेंद्र शर्मा, राजकुमार शर्मा और कृष्णदत्त त्यागी आदि मौजूद रहे।
