300 से अधिक लोगों ने कराया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
सीआईएस एवं पारस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
सहारनपुर। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) एवं पारस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में अम्बाला रोड स्थित गुरु नानक बॉयज इंटर कॉलेज में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान करते हुए 300 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए समय-समय पर जांच कराने की सलाह भी दी गई।
फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
शिविर का उद्घाटन औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर एवं आप नेता योगेश दाहिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने सीआईएस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं, क्योंकि समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी मिल जाने से उनका उपचार संभव हो पाता है।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह एवं नगर विधायक राजीव गुंबर ने भी स्वास्थ्य शिविर को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने आयोजकों की इस पहल की प्रशंसा की।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में पारस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. यशप्रीत, पेट एवं पित्ताशय रोग विशेषज्ञ डॉ. पार्थ चंद्र, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गुप्ता तथा पेट एवं आंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मनन बेदी ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याएं सुनने के साथ उन्हें आवश्यक सावधानियों और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
अतिथियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वास्थ्य जांच के लिए बनाए गए चिकित्सकों के कक्षों का निरीक्षण किया और शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीआईएस की ओर से अतिथियों एवं सहयोगियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।
सीआईएस अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगियों एवं संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में पारस कुमार का विशेष सहयोग रहा।
पदाधिकारियों और सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं
शिविर के सफल आयोजन में सह-संयोजक विजय वशिष्ठ, रवि टंडन, नीरज मिड्ढा, सक्षम बत्रा, संजय गुप्ता, सुनील सूरी, तेजेंद्र तनेजा एवं सन्नी नागपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर अमर गुप्ता, एच.एस. चड्ढा, गौरव जैन, सुरेंद्र कुमार अरोड़ा, संदीप शर्मा, रविंद्र कालड़ा, संजीव धवन, सुषमा बजाज, निशा शर्मा, पूनम बाली, स्वाति अग्रवाल, आर.के. गुप्ता, गिरीश मित्तल, वैभव गर्ग, नमन बत्रा, गगनदीप सिंह, परम बत्रा, राजेंद्र, सचिन अग्रवाल, हेमंत अरोड़ा, शैलेश सक्सेना, एस.के. गौड, अजय वशिष्ट, डी.के. गुप्ता एवं प्रदीप मित्तल सहित अनेक अतिथि एवं संस्था के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सुजसबीर सिंह ने की। संचालन सीआईएस महासचिव अमित चौधरी एवं संयोजक तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह चावला ने संयुक्त रूप से किया।
