ओटीएस योजना में 913 करदाताओं ने किया आवेदन, 695 का निस्तारण
52.83 लाख रुपये जमा, सितंबर में बकाया जमा करने पर चालू वित्त वर्ष की डिमांड पर भी 20 फीसदी छूट
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को लेकर करदाताओं में लगातार रुचि देखने को मिल रही है। योजना के तहत अब तक 913 करदाताओं ने आवेदन किया है, जिनमें से 695 आवेदनों का निस्तारण नगर निगम द्वारा किया जा चुका है। वहीं, 211 करदाताओं ने अपना बकाया कर जमा कराकर ब्याज में छूट का लाभ उठाया है। योजना के तहत नगर निगम के खाते में अब तक 52 लाख 83 हजार रुपये जमा हो चुके हैं।
कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर निगम द्वारा गत 15 अगस्त 2026 से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य बकाया कर की वसूली के साथ-साथ करदाताओं को ब्याज में राहत देना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अपना समस्त बकाया टैक्स जमा करने वाले करदाताओं को ब्याज पर पूरी छूट का लाभ दिया जा रहा है।
14 नवंबर तक उठा सकते हैं योजना का लाभ
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। करदाताओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने बकाया कर का भुगतान कर योजना का लाभ उठाएं।
खास बात यह है कि सितंबर माह में ओटीएस योजना के तहत बकाया कर जमा करने वाले करदाताओं को कुल ब्याज छूट के साथ चालू वित्त वर्ष की डिमांड पर भी 20 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का लाभ मिल सकता है। ऐसे में सितंबर में भुगतान करने वाले करदाताओं के लिए योजना विशेष रूप से लाभकारी साबित हो सकती है।
वार्डों में लगाए जा रहे विशेष कैंप
योजना का लाभ अधिक से अधिक करदाताओं तक पहुंचाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष ओटीएस कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में करदाताओं से ओटीएस के आवेदन प्राप्त करने, करंट बिल जमा कराने तथा कर संबंधी आपत्तियों का निस्तारण करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि कैंपों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ ही मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इन स्थानों पर लगेंगे ओटीएस कैंप
- 15 सितंबर: वार्ड 47, 52 व 59 — नवाबगंज चौक
- 16 सितंबर: वार्ड 43, 69 व 70 — पुलिस चौकी रांघड़ों का पुल
- 17 सितंबर: वार्ड 57, 62 व 68 — तेलियों का चौक
- 18 सितंबर: वार्ड 53, 61 व 67 — रहमानी चौक स्थित पार्षद मोहतमिम का कार्यालय
- 19 सितंबर: वार्ड 49 व 51 — सैनी पंचायती मंदिर, पुराना चिलकाना अड्डा
- 22 सितंबर: वार्ड 35 व 46 — जवाहर पार्क, बेहट रोड
- 24 सितंबर: वार्ड 13 — पराग डेयरी, चकहरेटी
- 25 सितंबर: वार्ड 18 व 41 — लेबर कोर्ट, लेबर कॉलोनी
- 26 सितंबर: वार्ड 12 व 15 — टैगोर इंटर कॉलेज, अटल पार्क के निकट, नेहरू नगर
- 28 सितंबर: वार्ड 02 व 48 — श्री हरिमंदिर, आवास विकास
- 29 सितंबर: वार्ड 21 व 39 — त्यागी आटा चक्की, ब्रह्मपुरी कॉलोनी
- 30 सितंबर: वार्ड 01 व 29 — किशन हलवाई, बेरीबाग
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अन्य वार्डों में भी ओटीएस कैंप आगामी तिथियों में लगाए जाएंगे। करदाता इन कैंपों में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने के साथ अपना आवेदन और बकाया कर जमा करा सकते हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
करदाता ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। नगर निगम ने अधिक से अधिक करदाताओं से योजना का लाभ उठाने और समय से अपना बकाया कर जमा करने की अपील की है।
