मेला गुघाल की तैयारियों को लेकर एडीएम और एसपी सिटी ने की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा मेला, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी; कंट्रोल रूम और पीए सिस्टम की होगी व्यवस्था
सहारनपुर, 14 सितंबर 2026। आगामी मेला गुघाल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मेला 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मेला गुघाल की तैयारियों एवं शांति और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
बैठक में एडीएम प्रशासन ने मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और किसी भी समस्या के तत्काल निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर आमजन तक पहुंचाई जा सकें।
उन्होंने मजबूत बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेले में संस्कृति और राष्ट्रीयता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।
मजिस्ट्रेट और पुलिस की संयुक्त ड्यूटी
एडीएम ने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। मेले में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त रूप से ड्यूटी लगाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उन्होंने मेला परिसर में एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मौसम को देखते हुए नाले और नालियों की सफाई, फॉगिंग तथा एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए।
खाद्य पदार्थों और प्रसाद की होगी जांच
मेला परिसर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने तथा प्रसाद विक्रेताओं को प्रसाद ढककर रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सामग्री तैयार करने वाले स्टॉलों को टीन शेड से सुरक्षित रखने और उन्हें निर्धारित स्थान पर ही लगाने को कहा गया, ताकि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो।
सभी खाद्य दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करना अनिवार्य किया गया है। दुकानों और अन्य स्टॉलों को निर्धारित एवं उचित स्थान पर ही लगवाने के निर्देश दिए गए।
झूलों का होगा तकनीकी परीक्षण, बिजली व्यवस्था पर भी निगरानी
मेले में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा को लेकर पीडब्ल्यूडी को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी झूलों का तकनीकी परीक्षण कराया जाए और बिना अनुमति कोई भी स्ट्रक्चर स्थापित न होने दिया जाए।
विद्युत विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मेले में बिजली के तार लटके हुए न हों और सभी कनेक्शन नियमानुसार दिए जाएं। वहीं अग्निशमन विभाग को पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहनों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
सभी विभागों को प्रोएक्टिव होकर काम करने के निर्देश
एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने पीडब्ल्यूडी, विद्युत, अग्निशमन, नगर निगम, स्वास्थ्य, पुलिस सहित सभी संबंधित विभागों को प्रोएक्टिव होकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
