‘शादी का नाराज फूफा है कांग्रेस’, ब्रिक्स समिट डिनर विवाद पर बरसे सुधांशु त्रिवेदी
ब्रिक्स समिट के डिनर मेन्यू को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में जुबानी जंग तेज हो गई है. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कांग्रेस को नाराज फूफा बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खुद को शादी में हमेशा नाराज रहने वाले उस ‘नाराज फूफा’ जैसा साबित किया है, जो खाने के समय भी राजनीति करने लगते हैं. उन्होंने दिल्ली घोषणापत्र पर बनी आम सहमति को देश के लिए उपलब्धि बताया. बीजेपी सांसद कहा, आज कई देशों के बीच मतभेद हैं. ऐसे में सऊदी अरब और ईरान जैसे देशों की BRICS मंच पर मौजूदगी, दिल्ली घोषणापक्ष पर सहमति भारत की कूटनीतिक दक्षता का शानदार उदाहरण है.
उन्होंने कहा, ‘यह सफलता दिखाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत संघर्षों के बीच सामंजस्य, विवादों के बीच समन्वय और विपरीत ध्रुवों के बीच संवाद एवं संतुलन स्थापित करने की क्षमता रखता है. भारत ने ब्रिक्स 2026 के सफल आयोजन के माध्यम से न केवल सदस्य देशों, बल्कि पूरे विश्व के सामने अपनी कूटनीतिक क्षमता का परिचय दिया है. इतनी महत्वपूर्ण कूटनीतिक सफलता के बाद भी कांग्रेस का चर्चा को केवल डिनर और भोजन तक सीमित कर देना न सिर्फ हास्यास्पद है. यह साबित करता है कि वे वाकई में नाराज फूफा हैं.
इस दौरान बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘आजकल राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितैषी होने का जो स्वांग रच रहे हैं, सच्चाई सामने आने के बाद उनका यह लबादा पूरी तरह तार-तार हो रहा है. कुछ दिन पहले झारखंड में भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं का मामला सामने आया था. अब उत्तराखंड में ED की रेड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जी के OSD के यहां मिली नकदी और संपत्ति से भी गंभीर एक सच सामने आया है.
उन्होंने कहा, ‘ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की भर्ती प्रक्रिया में सुरक्षित कस्टडी से OMR शीट्स निकालकर, बाहर रिश्वत लेकर खाली OMR शीट्स भरने और उसके जरिए भर्ती में घोटाला करने का निंदनीय मामला सामने आया है. इससे पहले भी कांग्रेस शासनकाल में कई भर्ती घोटालों के मामले सामने आ चुके हैं. हम राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से साफ पूछना चाहते हैं कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार कर छात्रों और युवाओं के साथ किए गए इस बड़े विश्वासघात का जवाब कौन देगा? कांग्रेस तिनके की आड़ में पहाड़ छिपाने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता साफ देख रही है कि कैसे युवा प्रतिभाओं के साथ अन्याय कर उनकी मेहनत और भविष्य को कुचला गया.
