अखिलेश के 73 सीट वाले तंज पर जयंत का पलटवार, बोले- ‘मैं बोल दूंगा तो यूपी में खड़े नहीं हो पाएंगे’

अखिलेश के 73 सीट वाले तंज पर जयंत का पलटवार, बोले- ‘मैं बोल दूंगा तो यूपी में खड़े नहीं हो पाएंगे’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव के तंज पर अब जयंत चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर एकजुट होकर चुनावी लड़ाई लड़ेंगे।

जयंत चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं और एनडीए के सभी घटक दलों का प्रयास एक होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का सिंबल किसी का भी हो, लक्ष्य विकास के रास्ते को आगे बढ़ाना और चुनावी मैदान में मजबूती के साथ उतरना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल राष्ट्रीय लोकदल की बात नहीं है, बल्कि वह पूरे एनडीए की रणनीति की बात कर रहे हैं। जयंत के मुताबिक, एनडीए के सभी सहयोगी दलों की प्राथमिकता एकजुट होकर चुनाव लड़ना और अपने विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में होने वाले चुनाव में भी उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

अखिलेश के 73 सीटों वाले बयान पर भड़के जयंत

दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में तंज कसते हुए दावा किया था कि एनडीए में राष्ट्रीय लोकदल को 73 सीटें मिलेंगी। इसी को लेकर जब जयंत चौधरी से सवाल किया गया तो उन्होंने अखिलेश पर तीखा हमला बोला।

जयंत चौधरी ने कहा कि जब उनकी पार्टी का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन था, तब कई बातें सामने नहीं रखी गई थीं। उन्होंने कहा, “सारी बातें नहीं बताई जाती हैं, ये मेरी गंभीरता है कि वो बातें नहीं कह रहा हूं। अगर मैं वो बातें बोल दूंगा तो उनको उत्तर प्रदेश में खड़े होने की जगह नहीं मिलेगी।”

जयंत के इस बयान को सपा और आरएलडी के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच सीट बंटवारे और राजनीतिक सम्मान को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है।

‘चौधरी चरण सिंह का सम्मान सीटों से तय नहीं होगा’

जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें सीटों की संख्या को राजनीतिक सम्मान से जोड़कर टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का सम्मान विधानसभा की सीटों की संख्या से तय नहीं हो सकता।

जयंत ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का सम्मान लोगों के दिलों में है और हमेशा रहेगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर राष्ट्रीय लोकदल को विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिले, तब भी चौधरी चरण सिंह का सम्मान कम नहीं होगा।

2027 चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जयंत चौधरी और अखिलेश यादव के बीच बढ़ती बयानबाजी ने यूपी की सियासत को और गरमा दिया है। कभी सपा के साथ गठबंधन में रहे जयंत चौधरी अब एनडीए का हिस्सा हैं। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच सीटों और राजनीतिक प्रभाव को लेकर होने वाली बयानबाजी चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply