नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव में शोभित विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, दो वरिष्ठ शिक्षाविद सम्मानित
ग्रेटर नोएडा। दिनांक 11 एवं 12 सितंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा में देश के प्रतिष्ठित शैक्षिक आयोजनों में शामिल द्वितीय नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस कॉन्क्लेव का आयोजन प्लस 91 मीडिया द्वारा किया गया, जिसमें एनसीवीईटी, एनएसडीसी एवं स्किल इंडिया सहित विभिन्न प्रमुख संस्थाओं का सहयोग रहा।
कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य देश में शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को बढ़ावा देना, नई शिक्षा नीति, रोजगारपरक शिक्षा, कौशल विकास तथा उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में देशभर से शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, कौशल विकास विशेषज्ञों तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर शोभित विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता और उल्लेखनीय योगदान का परचम लहराया। कॉन्क्लेव के दौरान शोभित विश्वविद्यालय के सीनियर डायरेक्टर सी.आर. एवं एच.आर. प्रो. (डॉ.) देवेंद्र नारायण तथा शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के डीन, हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए प्रो. (डॉ.) देवेंद्र नारायण को प्रतिष्ठित “एजुकेशनल एक्सीलेंस पायनियर अवार्ड-2026” से सम्मानित किया गया। वहीं, शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को भी “एजुकेशनल एक्सीलेंस पायनियर अवार्ड-2026” से नवाजा गया। इसके साथ ही कॉन्क्लेव में उन्हें “एस्टीम्ड स्पीकर” के रूप में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। इस प्रकार प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को कॉन्क्लेव में दोहरे सम्मान से सम्मानित किया गया।
दोनों प्रतिष्ठित पुरस्कार प्लस 91 मीडिया के फाउंडर एवं सीईओ श्री संदीप गुलाटी तथा को-फाउंडर श्री आशुतोष दुबे द्वारा प्रदान किए गए। यह सम्मान शोभित विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि शोभित विश्वविद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता और उपलब्धियों का भी गौरवपूर्ण प्रमाण है।
द्वितीय नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव-2026 शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में नई दिशा, नवाचार और आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इस मंच पर शोभित विश्वविद्यालय की उल्लेखनीय उपस्थिति और दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों को मिले सम्मान ने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को और मजबूत किया।
