‘बंद स्कूल खुलेगा, तभी PDA पढ़ेगा’: शिक्षक दिवस पर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, सपा ने शुरू किया ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान
उत्तर प्रदेश में बंद किए गए स्कूलों के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। शिक्षक दिवस के मौके पर 5 सितंबर से सपा छात्र सभा ने प्रदेशभर में ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 11 सितंबर तक चलेगा।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश के करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं। सपा इन बंद स्कूलों के बाहर शिक्षकों को सम्मानित कर यह संदेश देगी कि ‘बंद स्कूल खुलेगा, तो PDA पढ़ेगा।’
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। उनके मुताबिक, शिक्षा के जरिए शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित समाज में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना बढ़ेगी और बराबरी तथा सामाजिक न्याय की दिशा में रास्ता मजबूत होगा।
5 से 11 सितंबर तक चलेगा अभियान
सपा छात्र सभा के इस सात दिवसीय अभियान में छात्र, नौजवान और PDA वर्ग को जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता गांवों तक पहुंचकर बंद स्कूलों का मुद्दा उठाएंगे।
अभियान के दौरान PDA वृक्षारोपण, छात्रों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा तथा युवाओं की राजनीति में भूमिका को लेकर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा सपा ने पेपर लीक, बढ़ती फीस, रोजगार, आरक्षण और कॉलेज-विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को भी अभियान में शामिल किया है। पार्टी का उद्देश्य इन मुद्दों के जरिए छात्रों और युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना है।
