CJP में फूट! ‘केजरीवाल की पार्टी बन गई’ कहकर मनीष ब्रह्मभट्ट ने लॉन्च की CJP-डेमोक्रेटिक
New Delhi : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। CJP से अलग हुए एक गुट ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी डेमोक्रेटिक (CJP-D)’ नाम से नए संगठन का ऐलान किया है। गुरुवार, 3 सितंबर को अहमदाबाद के रहने वाले मनीष ब्रह्मभट्ट ने इसकी घोषणा करते हुए CJP नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
मनीष ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि CJP अब पूरी तरह अरविंद केजरीवाल की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा, “आंदोलन देश का आंदोलन था। लोगों की वजह से आंदोलन सफल हुआ। आंदोलन खत्म होने के बाद इनका सौदा हो गया है और ये टीम केजरीवाल बन गई है।”
उन्होंने CJP की कोर टीम के गठन पर भी सवाल उठाए। ब्रह्मभट्ट का आरोप है कि अभिजीत दीपके ने 12 लोगों की टीम बनाई, लेकिन इसमें आंदोलन से जुड़े वॉलंटियर्स या कार्यकर्ताओं से सलाह नहीं ली गई। उनका दावा है कि टीम में आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों के साथ-साथ व्यक्तिगत परिचितों को भी जगह दी गई।
मनीष ने कहा कि उनकी मांग थी कि हर राज्य से आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों को संगठन में जगह मिले, ताकि किसी एक व्यक्ति के हाथ में सारे फैसले न रहें। उन्होंने कहा, “हम चाहते थे कि हर राज्य से प्रतिनिधि हो। राजा बनकर कोई फैसला नहीं हो।”
ब्रह्मभट्ट का दावा है कि वह CJP आंदोलन से जुड़े रहे हैं और दिल्ली के जंतर-मंतर छात्र आंदोलन में भी उनकी अहम भूमिका रही थी। CJP में कोर कमेटी को लेकर इससे पहले भी कार्यकर्ताओं की नाराजगी और विरोध सामने आ चुका है।
