‘देश का सबसे बड़ा संकट BJP है, भाजपा जाएगी तो संकट भी चला जाएगा’, अखिलेश यादव का बड़ा हमला

‘देश का सबसे बड़ा संकट BJP है, भाजपा जाएगी तो संकट भी चला जाएगा’, अखिलेश यादव का बड़ा हमला

सैफई: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। रक्षाबंधन के मौके पर अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में भाजपा को देश के सामने ‘‘सबसे बड़ा संकट’’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास नफरत फैलाने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘देश में केवल एक ही संकट है और वह भाजपा है। भाजपा खुद सबसे बड़ा संकट है। भाजपा जाएगी तो संकट भी चला जाएगा।’’ उन्होंने भाजपा पर समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की विरासत को खत्म करने और जेपीएनआईसी को ‘‘बेचने’’ का भी आरोप लगाया।

JPNIC को लेकर भाजपा पर निशाना

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के गठन के समय पार्टी ने खुद को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने की कोशिश की थी और जयप्रकाश नारायण की तस्वीर का इस्तेमाल किया था। लेकिन आज उसी जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (JPNIC) को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाजपा को कोई खरीदने के लिए भी तैयार नहीं है, वरना भाजपा खुद को बेच देती।’’

महंगाई को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप

महंगाई के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की कीमतों को बढ़ने दे रही है।

उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमत और पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने और चुनावी चंदे के लिए उद्योगपतियों को मुनाफा कमाने की खुली छूट दी जा रही है।

अखिलेश ने दावा किया कि चीनी, डीजल और पेट्रोल महंगे होने से आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने दवाइयों की कीमतों, एम्बुलेंस की व्यवस्था और पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए सरकार पर व्यवस्थाओं को ठीक से संचालित नहीं करने का आरोप लगाया।

एक्सप्रेसवे के पैसे के इस्तेमाल पर भी सवाल

सपा प्रमुख ने एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए आवंटित धन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकारी धन का गलत इस्तेमाल हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह क्यों नहीं ठहराया जा रहा है।

अखिलेश ने मीडिया की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि देश में आजादी के बावजूद कई तरह की पाबंदियां बढ़ रही हैं।

‘अंग्रेज चले गए, लेकिन हम अभी भी पूरी तरह आजाद नहीं’

अखिलेश यादव ने कहा कि अंग्रेज भारत छोड़कर चले गए, लेकिन देश में आज भी कई तरह की पाबंदियां मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों को स्कूलों की बदहाल स्थिति दिखाने तक में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई पत्रकार स्कूलों की खराब व्यवस्था को सामने लाता है तो उस पर कार्रवाई की जाती है। अखिलेश ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बताया।

शिक्षा को लेकर भाजपा पर निशाना

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर शिक्षा के क्षेत्र को पर्याप्त बढ़ावा नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षित लोग सवाल पूछेंगे और सरकार की नीतियों पर बहस करेंगे।

अखिलेश ने कहा, ‘‘भाजपा को सवालों से सबसे ज्यादा डर लगता है। जो सवालों से डरता है, वह लोकतंत्र को दबाएगा और बाबासाहेब आंबेडकर के सिद्धांतों को कमजोर करेगा।’’

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

किसानों की समस्याओं को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिलते और उनकी उपज का उचित मूल्य भी सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले हम सुनते थे कि बोरी से खाद चोरी हो जाती थी, लेकिन आज पूरी बोरी ही चोरी हो रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’’

अखिलेश ने कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के समय खाद-बीज उपलब्ध नहीं होना और फसलों का उचित दाम नहीं मिलना गंभीर समस्या है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।

नेपाल में बाढ़ पर जताई चिंता

सपा अध्यक्ष ने पड़ोसी देश नेपाल में आई बाढ़ की आपदा पर भी चिंता जताई। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि संकट की इस घड़ी में नेपाल को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

अखिलेश ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय मानवीय आधार पर पड़ोसी देश की मदद करना जरूरी है और भारत को नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

Leave a Reply