पटना छात्र आंदोलन पर चिराग पासवान का पहला बयान, बोले- ‘CM से मिलकर समाधान का प्रयास करूंगा’
नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना में BPSC TRE-4 समेत भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों और उनकी भावनाओं का समर्थन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह छात्रों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखकर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
चिराग पासवान ने कहा, “मैं उनकी भावना का समर्थन करता हूं। मैंने हमेशा सही सोच को उचित मंच तक पहुंचाने का काम किया है।” उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले पीएचडी अभ्यर्थियों से जुड़ी चिंताओं को भी उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने रखा था।
‘मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान का प्रयास करूंगा’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छात्र जिन बदलावों की मांग कर रहे हैं, उन्हें लेकर वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और समाधान निकालने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की जायज चिंताओं को सरकार के उचित मंच तक पहुंचाना जरूरी है।
चिराग ने पीएचडी अभ्यर्थियों से जुड़े पुराने मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि UGC के नियमों को लेकर छात्रों की चिंताओं को पहले भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया था।
TRE-4 और डोमिसाइल के मुद्दे पर प्रदर्शन
पटना के गर्दनीबाग इलाके में BPSC TRE-4 से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी PT-Mains व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 फीसदी डोमिसाइल समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों का एक समूह मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगा। इसे देखते हुए पुलिस और सुरक्षाबलों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की।
बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला पहुंचे प्रदर्शनकारी
छात्रों के मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की सूचना के बाद जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। CRPF जवानों की भी तैनाती की गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए।
डाकबंगला इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की भी खबर सामने आई।
लाठीचार्ज और पथराव में पुलिस अधिकारी घायल
स्थिति बिगड़ने पर डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। वहीं, प्रदर्शनकारियों की ओर से कथित पत्थरबाजी में टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह के घायल होने की जानकारी सामने आई। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट लगने की सूचना है।
वहीं, वाटर कैनन और पुलिस कार्रवाई के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने तथा एक छात्रा के बेहोश होने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
