‘झूठ बोलने का ठेका…’, आरक्षण पर अखिलेश के बयान पर बरसे ओपी राजभर

‘झूठ बोलने का ठेका…’, आरक्षण पर अखिलेश के बयान पर बरसे ओपी राजभर
मंत्री ओम प्रकाश राजभर

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरक्षण को लेकर दिए बयान पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है. राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से पहले भी झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का काम किया लेकिन, पीएम मोदी के नेतृत्व में संविधान भी सुरक्षित है और आरक्षण भी.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरक्षण को खत्म करने की साज़िश का आरोप लगाया और कहा कि आरक्षण सुधार के नाम पर पीडीए के खिलाफ बड़ी साज़िश की जा रही है. सपा मुखिया के आरोपों पर ओम प्रकाश राजभर ने जवाब दिया है.

आरक्षण वाले बयान पर पलटवार

सुभासपा प्रमुख ने कहा कि “सपा हो या कांग्रेस नेता, ये सब झूठ बोलने का ठेका लिए हैं. लोकसभा चुनाव से पहले इन्होंने प्रदेश की जनता को गुमराह किया कि ये संविधान खत्म कर देंगे.. आरक्षण खत्म हो जाएगा. लेकिन, फिर से बीजेपी की सरकार बन गई, मोदी के हाथ संविधान सुरक्षित है. आरक्षण सुरक्षित है. ये सब सिर्फ गुमराह करके सत्ता से बेदख़ल होने की वजह से बौखलाएं है कि क्या चीज़ हम बोल दें कि कि जनता हमको वोट दे दे.”

राजभर ने कहा कि सपा की सरकार में जो प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया था, उससे लाखों लोगों ने नौकरी छोड़ दी और कुछ लोगों ने आत्महत्या कर लिया. समाजवादी पार्टी ने बड़ा नुकसान किया है. उन्होंने कहा कि भारत में संविधान से देश चल रहा है. संविधान के दायरे में रहकर ही सबकुछ चल रहा है. अगर उससे हटकर कोई काम करता है तो उसके लिए खतरा है.

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा मुखिया ये साबित कर रहे हैं कि उनके साथ मुसलमान और यादव के अलावा कोई साथ नहीं है. वोट सबका चाहिए और सांसद बनेंगे सिर्फ यादव और मुसलमान.

स्कूल-कॉलेजों पर सरकार का ध्यान

यूपी में जर्जर स्कूलों की हालत पर जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि जितने भी जर्जर भवन हैं उन सबको ध्वस्तीकरण करके आदेश देकर उसे नया बनाने की कार्रवाई भी प्रचलित हैं. तमाम ऐसे भवन हैं जो लंबे समय से बने हैं पुराने हैं जर्जर हैं. विपक्ष उन्हीं के फोटो खींचकर दिखा रहा है जबकि बड़े पैमाने पर सरकार ने स्कूल-कॉलेज बनवाएं हैं. सरकार पूरा ध्यान शिक्षा की ओर की है.

Leave a Reply