शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा, बोले- ‘भावुक करने वाला था कि पार्टी ने तुरंत स्वीकार नहीं किया’
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के सभी पदों और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को अपना इस्तीफा सौंपते हुए इसे स्वीकार करने का आग्रह किया।
पूनावाला ने बताया कि उन्होंने इससे पहले 30 जुलाई 2026 को भी इस्तीफा दिया था, लेकिन पार्टी ने इसे तत्काल स्वीकार नहीं किया और उनसे फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद भावुक क्षण था और वह पार्टी के इस भरोसे के लिए आभारी हैं।
‘लंबे विचार के बाद लिया अंतिम फैसला’
शहजाद पूनावाला ने अपने नए पत्र में कहा कि लंबे विचार-विमर्श और गंभीर मनन के बाद उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और बीजेपी की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है।
आर्थिक और निजी परिस्थितियों का दिया हवाला
पूनावाला ने अपने इस्तीफे की वजह जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों को बताया है। उन्होंने कहा कि वह अब निजी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था से अलग होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विजन व कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
‘व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं’
बीजेपी से विदाई लेते हुए पूनावाला ने कहा कि वह पार्टी की ‘व्यवस्था’ छोड़ रहे हैं, लेकिन ‘व्यक्ति या विचार’ नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया।
पूनावाला के इस्तीफे के बाद अब यह साफ हो गया है कि वह बीजेपी की सक्रिय संगठनात्मक भूमिका से अलग हो रहे हैं, हालांकि उन्होंने पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के प्रति समर्थन जारी रखने की बात कही है।
