सावन में संजय निषाद ने मछली को बताया ‘शाकाहारी’, बोले- ‘बिना लहसुन-प्याज के बनाएं’
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के करीब आते-आते नेताओं की बयानबाजी शुरू हो गई है. इस बीच यूपी की योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने एक चौंकाने वाला दावा कर दिया है. दरअसल संजय निषाद ने कहा, “बिना लहसुन-प्याज की बनी मछली शाकाहारी है.” एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही है. मंत्री के इस बयान के बाद विवाद शुरू होना तय माना जा रहा है.
हालांकि कार्यक्रम के दौरान मंच पर कई लोग मौजूद जो सिर्फ चुप्पी साधे रहे और संजय निषाद मुस्कुराते दिखे. बता दें कि सावन के महीने में मांसाहारी खाने से हिंदू समाज में परहेज किया जाता है. सावन के महीने में संजय निषाद ने मछली को शाकाहारी करार दे दिया है. वहीं संजय निषाद ने आगे कहा कि यूपी सरकार और भारत के संविधान का निशान मछली, तीर और धनुष है. ये ही निषाद समाज का सिंबल है जिस पर हमें गर्व है.
अपनी लंदन यात्रा का भी किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान संजय निषाद ने अपनी लंदन यात्रा का जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने कहा, “मुझे लंदन जाने का मौका मिला. मैंने वहां देखा कि गोरखपुर सांसद रवि किशन ने अपने गानों से सबको मस्त कर रखा है, जबकि मैंने सबको पस्त कर रखा है.” उन्होंने कहा, “भारत में कभी लंदन दिखता था, लेकिन आज लंदन में भारत नजर आता है. वहां ब्रिटेन में भी भारतीय मूल का पीएम बना.
निषाद समाज को लेकर क्या बोले मंत्री?
संजय निषाद ने न्यूज 18 उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के ‘बदलता पूर्वी उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम में खुलकर बात रखी है. इस दौरान उन्होंने निषाद समाज को लेकर कहा, “जो भी निषाद राज के डंडे का स्वागत करे वो भाई है और जो विरोध करेगा वो कसाई हो जाएगा. पीएम मोदी और सीएम योगी भी निषाद के डंडे और झंडे का स्वागत करते हैं. जो भी स्वागत करेगा वो भवसागर से पार होगा लेकिन जो नहीं करेगा वो पक्का कसाई होगा. वो इस देश का ही नहीं होगा.”
इस दौरान उन्होंने अलग अंदाज में निषाद समाज का जिक्र करते हुए कहा, “निषादों ने फेंक दिया बेईमानों का झंडा, करते हैं मोटा धंधा, हाथ में रहता जय निषाद राज का डंडा, अब नहीं खाएगा डंडा, बंद करा दिया सपा, कांग्रेस और बसपा का धंधा.” फिलहाल संजय निषाद के द्वारा मछली को शाकाहारी बताने का कितना असर होगा ये तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन इस पर विपक्ष द्वारा विवाद खड़ा करना तय माना जा रहा है.
