IIT दिल्ली में 3000 छात्रों को डिग्री देंगे प्रधानमंत्री मोदी, परम प्रज्ञा सुपरकंप्यूटर का करेंगे उद्धाटन
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे 3000 से अधिक स्नातक, स्नातकोत्तर और 587 पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे, जिन्हें इस समारोह में डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह में प्रधानमंत्री संस्थान के मेधावी छात्रों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी IIT दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित अत्याधुनिक एआई-संचालित हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन भी करेंगे। यह सुपरकंप्यूटर कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा साइंस, उन्नत कंप्यूटिंग और बहुविषयक शोध को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
IIT दिल्ली के अनुसार, ‘परम प्रज्ञा’ शोधकर्ताओं, शिक्षकों और छात्रों को जटिल वैज्ञानिक एवं इंजीनियरिंग समस्याओं के समाधान के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटिंग संसाधन उपलब्ध कराएगा। इससे बड़े एआई मॉडल, डेटा-आधारित परियोजनाओं और उभरती तकनीकों पर शोध को बढ़ावा मिलेगा।
