यूपी चुनाव से पहले ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को दे दिया चैलेंज, बोले- ‘इस जन्म में तो…’
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है. मंत्री ओमप्रकाश राजभर का सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जुबानी हमला निरंतर जारी है. मंत्री ओम प्रकाश राजभर अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि वह इस जन्म में अब मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, उन्हें अगले जन्म की तैयारी करना चाहिए.
दरअसल, योगी कैबिनेट में पंचायती राज मंत्री गुरुवार (9 जुलाई 2026) उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे थे, वाराणसी पहुंचे ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर फिर ऐसा कुछ कह दिया है जो यूपी की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि वह इस जन्म में अब मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, उन्हें अगले जन्म की तैयारी करना चाहिए.
अखिलेश को कोई गंभीरता से नहीं लेता- ओपी राजभर
ABP Live के सवाल पर जवाब देते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि – सपा प्रमुख अखिलेश यादव राम मंदिर चढ़ावा मामले में सवाल उठा रहे हैं लेकिन वह अभी तक राम मंदिर में दर्शन करने क्यों नहीं पहुंचे. उनके बातों को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है.
विरासत में सत्ता मिल सकती है बुद्धि नहीं- ओम प्रकाश राजभर
योगी के मंत्री ने अखिलेश पर हमला तेज करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपद में हुए अपराध में 90% लोग एक वर्ग से ही जुड़े हैं, आखिर अखिलेश यादव इस पर क्यों नहीं बोलते. एक बात मैं फिर से स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि अखिलेश यादव अगले जन्म में मुख्यमंत्री बनने की तैयारी करें, इस जन्म में अब उनका मुख्यमंत्री बनना संभव नहीं है, क्योंकि विरासत में सत्ता मिल सकती है बुद्धि नहीं मिल सकती.
‘NDA में आल इज वेल है’
ओमप्रकाश राजभर ने एनडीए में सीट बंटवारे और उम्मीदवारी को लेकर खींचातानी के सवाल पर कहा कि- यहां सब कुछ आल इज वेल है. भारतीय जनता पार्टी बड़ी पार्टी है. आने वाले समय में सारी तस्वीर साफ हो जाएगी, कि कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा. NDA में आल इज़ वेल है , सब कुछ ओके है.
