अखिलेश यादव के जन्मदिन पर MK स्टालिन ने अनोखे अंदाज में दी बधाई, कहा- ‘किसी राजनीतिक आंदोलन की…’

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर MK स्टालिन ने अनोखे अंदाज में दी बधाई, कहा- ‘किसी राजनीतिक आंदोलन की…’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर देशभर के कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी उन्हें शुभाकामनाएं दी. स्टालिन ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संघीय मूल्यों की रक्षा के लिए साथ मिलकर काम करने की बात कही.

स्टालिन बोले- हमारी दोस्ती साझा संकल्प को और मजबूत करेगी

एम.के. स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक आंदोलन की असली ताकत केवल चुनाव जीतने में नहीं, बल्कि उसकी मूल विचारधारा को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने में होती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नेताओं के बीच दोस्ती का रिश्ता आगे भी मजबूत रहेगा और सामाजिक न्याय, लोकतंत्र तथा संघीय मूल्यों की रक्षा के साझा संकल्प को नई ताकत देगा. स्टालिन ने अखिलेश यादव के अच्छे स्वास्थ्य, सुखी जीवन और लंबे सार्वजनिक जीवन की भी कामना की.

अवधेश प्रसाद ने 2027 के चुनाव का किया जिक्र

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि अखिलेश यादव वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और समाज के हर वर्ग के विकास को सुनिश्चित करें.

खरगे ने सामाजिक न्याय की लड़ाई साथ लड़ने की बात कही

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने लिखा कि वह अखिलेश यादव के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समावेशी विकास, लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने की दिशा में दोनों दल मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे.

मायावती ने भी दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में अखिलेश यादव और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की.

सपा ने अखिलेश को बताया जनता का नेता

समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जनता का हितैषी, विकासवादी सोच वाला नेता और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका देने वाला रणनीतिकार बताया. पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि जनता चाहती है कि अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में नेतृत्व करें और फिर से उत्तर प्रदेश की कमान संभालें. पोस्ट में यह भी कहा गया कि जनता और कार्यकर्ताओं के हितों के लिए जितना काम अखिलेश यादव करते हैं, उतना कोई दूसरा नेता नहीं करता.

सपा मुख्यालय में सुबह से जश्न का माहौल

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा. पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मुख्यालय पहुंची. यहां केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और समर्थकों ने अखिलेश यादव के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सक्रिय सार्वजनिक जीवन की कामना की.

1973 में सैफई में हुआ था जन्म

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई में हुआ था. वह वर्ष 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और कन्नौज से सांसद के रूप में पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं.