जापान में 60 साल का सबसे भीषण तूफान, सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए 73 लाख लोग

जापान में 60 साल का सबसे भीषण तूफान, सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए 73 लाख लोग

खास बातें

  • शनिवार को आया शक्तिशाली तूफान ‘हेजिबीस’ बरपा रहा कहर
  • बिजली सेवा ठप, 1,600 से अधिक विमान नहीं भर पाए उड़ान
  • टोक्यो की ओर चल रही हवाओं की रफ्तार 100 किमी. प्रति घंटा
  • हेजिबीस तूफान का सबसे ज्यादा असर जापान के होंसू द्वीप पर

जापान में शनिवार को आया शक्तिशाली तूफान ‘हेजिबीस’ अब राजधानी की ओर बढ़ रहा है। इस तूफान के कारण एक शख्स की जान चली गई है। जापान में छह दशक के सबसे भीषण तूफान हेजिबीस की वजह से अब तक 73 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

तूफान आने से पहले ही इसके प्रभाव के चलते तेज बारिश हुई थी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया था। तूफान की वजह से परिवहन और बिजली सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। भीषण करार दिए गए तूफान की वजह से पहले ही रग्बी विश्व कप के दो मैचों को रद्द करना पड़ा था।

तूफान का असर इतना घातक था कि इसकी वजह से सुजुका ग्रैंड प्रिक्स में भी खलल पड़ा और 1,600 से अधिक विमान उड़ान नहीं भर पाए। आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारी ने एक शख्स की मौत की पुष्टि की है। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि एक शख्स की कार तूफान के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार का एक हिस्सा भी 49 साल के शख्स पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

तूफान प्रभावित क्षेत्र के लोगों से सुरक्षित दूसरे स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। लोगों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाने के लिए इंतजाम भी किए गए हैं। टोक्यो की ओर हवाएं 100 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। तेज हवाओं और तूफान के कारण पांच लोग घायल हुए हैं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे