लखनऊ पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बोले- IIT जाने से पहले यहीं की थी पढ़ाई
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार सोमवार को अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंचे। राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि IIT में उच्च शिक्षा के लिए जाने से पहले उन्होंने अपनी पढ़ाई उत्तर प्रदेश में ही की थी।
लखनऊ पहुंचने पर ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लंबे समय बाद वह उत्तर प्रदेश लौटे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश के मतदाताओं तक चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा संदेश पहुंचाना और लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव माने जाने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से संवाद करना है।
BLO को करेंगे संबोधित
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश में बूथ लेवल अधिकारियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने BLO को लोकतंत्र की नींव बताते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर मजबूत और पारदर्शी बनाने में उनकी अहम भूमिका है।
स्कूल-कॉलेजों में भी होंगे कार्यक्रम
ज्ञानेश कुमार के दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और स्कूलों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और छात्रों को चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और मतदाताओं की भूमिका को लेकर जागरूक किया जाएगा।
CEC ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश के सभी मतदाताओं का अभिवादन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
GenZ से भी संवाद करेंगे CEC
मुख्य चुनाव आयुक्त के दो दिवसीय यूपी दौरे में GenZ के साथ संवाद भी प्रस्तावित है। इस दौरान युवाओं के साथ चुनाव, मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
ज्ञानेश कुमार का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और चुनाव आयोग की तैयारियों पर भी नजर बनी हुई है।
