राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज पर अमित शाह का पलटवार, बोले- पीएम मोदी की जरूरत नहीं, SIR पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार
करनाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करारा जवाब दिया है। हरियाणा के करनाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को चर्चा करनी है तो प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखें। सरकार SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।
अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि देश की जनता लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुन चुकी है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।
‘राहुल गांधी तक जानी चाहिए जय श्रीराम की आवाज’
करनाल की रैली में अमित शाह ने कहा, ”यहां से राहुल गांधी तक आवाज जानी चाहिए। नरेंद्र मोदी जी के समर्थन में जय श्रीराम का नारा लगाइए। लगातार तीसरी बार देश की जनता ने मोदी जी को प्रधानमंत्री चुना। राहुल जी के नेतृत्व में कांग्रेस की हार हुई।”
SIR पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार सरकार
अमित शाह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा, ”राहुल जी, मोदी जी की जरूरत नहीं है। चर्चा करनी है तो एक पत्र लिख दो मोदी जी को। हम SIR पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। लोकतंत्र में चर्चा के लिए संसद सर्वोपरि स्थान है।”
उन्होंने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संसद में हंगामा करना और कार्यवाही का बहिष्कार करना कांग्रेस की संस्कृति बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी सड़कों पर अराजकता फैलाते हैं। शाह ने तंज कसते हुए कहा, ”राहुल जी, हम तो लोग ही सड़क से हैं। यह बात आप याद रखना।”
‘राहुल बाबा बौखलाए हुए हैं’
गृह मंत्री ने बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देश के 600 जिलों में आयोजित रैलियों ने राहुल गांधी को जवाब दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद, लोकसभा अध्यक्ष और न्यायालय का अपमान करते हैं। शाह ने कहा, ”लोकतंत्र राहुल गांधी जी आपके झांसे में नहीं आएगा। राहुल गांधी संविधान का सम्मान नहीं करते हैं। राहुल बाबा बौखलाए हुए हैं। इसलिए हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं।”
घुसपैठियों के मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा
अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी कांग्रेस नेता को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, ”तीन करोड़ लोगों ने राहुल गांधी को परेशान किया हुआ है। ये तीन करोड़ घुसपैठिए हैं, जिन्हें राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने जोड़ा हुआ है। इनकी रैली घुसपैठिए बचाने की रैली है।”
उन्होंने आगे कहा, ”राहुल जी, मैं पूछ सकता हूं कि 10 साल की शादी में 12 बच्चे हो सकते हैं क्या?”
भगवंत मान और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने भगवंत मान को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सरकार चलाने का तरीका सीखने की नसीहत दी।
शाह ने कहा, ”राहुल जी, जबसे आप आए हो आपके विधायक कम हो रहे हैं और जब से मोदी जी आए हैं तब से बीजेपी के विधायक बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने चुनावी नतीजों और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। शाह के मुताबिक, जहां कांग्रेस जीतती है वहां मतदाता सूची सही होती है, लेकिन जहां हारती है वहां मतदाता सूची और ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं।
अंत में अमित शाह ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें अपनी सभी विदेश यात्राओं का हिसाब देश की जनता को देना चाहिए।
