राघव चड्ढा पर जमकर बरसे संजय राउत, किसे बताया ‘बेशर्म’ और किसे ‘बकासुर’?
राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, “बीजेपी की राजनीति सबको पता है. उनकी राजनीति को एक ही शब्द में कहें तो, बेशर्मी. उनमें कोई शर्म नहीं है. क्योंकि राघव चड्ढा जैसे लोग, जो कल तक हमारे मित्र थे, खुलेआम कहते थे कि बीजेपी गुंडों, बदमाशों और भ्रष्ट लोगों की पार्टी है. ये सभी लोग थोक में गुंडों और भ्रष्ट लोगों की पार्टी में शामिल हो गए हैं.”
संजय राउत ने आगे कहा, “महाभारत में एक राक्षस है, जिसका नाम बकासुर है. उसकी भूख कभी शांत नहीं होती, उसका पेट कभी नहीं भरता. बीजेपी बकासुरों की पार्टी बन गई है. वे कुछ भी खा लेते हैं. राघव चड्ढा जैसे सात लोग उस नरक की पार्टी में शामिल हो गए हैं. हमें इसका कोई अफसोस नहीं है. उन्हें जल्द ही पता चलेगा कि नरक कैसा होता है. विपक्ष कभी कमजोर नहीं होगा. ये छह-सात लोग जो पार्टी छोड़कर गए हैं, वे कोई सार्वजनिक हस्ती नहीं हैं. वे ज्यादा से ज्यादा सोशल मीडिया पर पेज 3 के नेता हैं.”
डर के मारे बीजेपी में गए आप सांसद- संजय राउत
संजय राउत ने कहा, “राघव चड्ढा हमारे मित्र भी रहे हैं. वह खुद कहते थे कि बीजेपी गुंडों की पार्टी है. यह बात संदीप मित्तल, संदीप पाठक भी बोलते थे. ये सभी लोग अचानक होलसेल में भ्रष्ट लोगों की पार्टी में चले गए. मुझे अफसोस था जब संदीप मित्तल को राघव चड्ढा की जगह पर पार्टी का उपनेता बनाया गया था. तब वह बहुत खुश दिखते थे. अचानक उनके संस्थान पर ईडी की रेड हो गई. अब संदीप मित्तल भी डर के मारे बीजेपी में चले गए. आप ऐसी राजनीति का क्या कर सकते हैं?”
BJP की वॉशिंग मशीन में गए AAP सांसद- संजय राउत
उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने आगे कहा, “बीजेपी वालों ने भी आम आदमी पार्टी के सांसदों को ‘ढोंगी’ और ‘भ्रष्ट’ बताया था. अब ये सभी बीजेपी की वॉशिंग मशीन में अपने पाप धो लेंगे. जैसे शिवसेना के साथ हुआ, एनसीपी के साथ हुआ, उसी तरह आम आदमी पार्टी के साथ हो रहा है.”
BJP जैसी नर्क वाली पार्टी में गए राघव चड्ढा- संजय राउत
संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत एक ‘नर्क राष्ट्र’ है. नर्क क्या होता है, यह बीजेपी बार-बार दिखा रही है. यह नर्क है. हमने ही इस देश को नर्क बनाया है. ट्रंप पहली बार सच बोल रहे थे. भारत को बीजेपी ने नर्क बनाया है और इस नर्क वाली पार्टी में राघव चड्ढा जैसे 7 लोग चले गए. हमें इसका कोई दुख नहीं है.”
