‘पंजाब नहीं, दिल्ली का है पता’, SIR में राघव चड्ढा के दावे पर बोली AAP; बैकडेट प्रक्रिया से नाम जुड़वाने का लगाया आरोप
चंडीगढ़। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के मतदाता पंजीकरण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राघव चड्ढा दिल्ली में अपना मतदाता पंजीकरण बैकडेट प्रक्रिया के जरिये करवाने का प्रयास कर रहे हैं। आप ने कहा कि इस मामले का खुलासा हुआ है और अब राघव चड्ढा इसकी पूरी जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर डालने का प्रयास कर रहे हैं।
आप ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया चुनाव आयोग की ओर से कराई जाती है। मतदाता सूची में किस व्यक्ति का नाम शामिल किया जाना है या किसका नाम हटाया जाना है, इसका निर्णय पंजाब सरकार नहीं करती। इसलिए मतदाता सूची से नाम हटने के मामले में पंजाब सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
एक्स प्लेटफार्म पर किया पोस्ट
पार्टी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि यह सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी है कि राघव चड्ढा दिल्ली में रह रहे हैं, न कि पंजाब में। ऐसे में यदि वह अब पंजाब में नहीं रहते हैं तो अपने मतदाता पंजीकरण को बनाए रखने या उसे नए निवास स्थान पर स्थानांतरित कराने की जिम्मेदारी भी उनकी अपनी थी। पार्टी ने कहा कि अब मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के लिए आप या पंजाब सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
आम आदमी पार्टी ने आगे आरोप लगाया कि उसे चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों से जानकारी मिली है कि राघव चड्ढा दिल्ली के राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में अपना मतदाता पंजीकरण बैकडेट प्रक्रिया के जरिये करवाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी ने कहा कि यदि किसी तरह की बैकडेट या गैर-कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है तो इसकी जांच होनी चाहिए और पूरा सच जनता के सामने आना चाहिए।
पार्टी ने कहा कि यदि भाजपा या किसी अन्य व्यक्ति ने इस तरह की बैकडेट प्रविष्टि करवाने में मदद की है तो वह इस मामले को तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएगी। आप ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने और नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित लोगों की भूमिका उजागर करने की जरूरत है।
