अयोध्या में मछली भोज विवाद पर अजय राय का आया बयान, कहा- …बिना प्याज-लहसुन

अयोध्या में मछली भोज विवाद पर अजय राय का आया बयान, कहा- …बिना प्याज-लहसुन
अजय राय

रामनगरी अयोध्या में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में मछली भोज को लेकर हुए विवाद के बीच अजय राय ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. फोन पर बातचीत में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस सभी की संस्कृति और विचारों का सम्मान करती है और अपने पर्व-त्योहार और परंपराओं का विधि-विधान से पालन करती आई है.

कांग्रेस नेता अजय राय ने निषाद समाज से कांग्रेस के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि निषाद समाज से सभी का अटूट रिश्ता रहा है. अजय राय ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि चुनावी दौर में कुछ लोग बिना प्याज-लहसुन के सात्विक मछली खा जाते हैं. अजय राय ने आंध्र प्रदेश में मांसाहारी भोजन को कटहल बताने वाले बीजेपी नेता के कथित मामले का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी नेता दूसरों के खाने पर ज्यादा ध्यान देते हैं और यह जगजाहिर है.

राम और निषादराज का किया जिक्र

अजय राय ने भगवान राम और निषादराज के संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि वन गमन के समय श्रृंगवेरपुर के राजा निषादराज ने भगवान राम की मदद की थी. उन्होंने कहा कि अतिथि जैसा सम्मान पाकर भगवान राम भावुक हो गए थे. अजय राय ने कहा कि तभी से निषाद समाज भगवान राम को प्राणों से भी प्रिय है.

उन्होंने कहा, “अयोध्या में राम निहाल निषाद जी के आयोजन का दुष्प्रचार करना निषाद समाज कभी नहीं भूलेगा. इसके लिए भगवान श्रीराम और प्रदेश की जनता भी बीजेपी को माफ नहीं करेगी.”

पवन खेड़ा ने भी दी प्रतिक्रिया

वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा ऐसे मुद्दे इसलिए उठाए जाते हैं ताकि पेपर लीक जैसे अहम मुद्दे न उठें. आज जब लोग अयोध्या के बारे में सोचते हैं, तो उन्हें दान में हुई चोरी याद आती है. क्या ‘माछ-भात’ लोगों को अयोध्या में दान की चोरी भुला सकता है?

Leave a Reply