सोनिया गांधी की किताब के बैक कवर पर छपी खास तस्वीर, नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा ने किया है क्लिक

सोनिया गांधी की किताब के बैक कवर पर छपी खास तस्वीर, नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा ने किया है क्लिक

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) लॉन्च होने के बाद से ही चर्चा में है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ प्रेम कहानी, गांधी परिवार के माहौल और राजनीति में अपने प्रवेश से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए हैं। हालांकि, किताब में लिखी कुछ बातों और ऐतिहासिक तथ्यों को लेकर राजनीतिक बहस भी छिड़ गई है। इन सबके बीच किताब से जुड़ी एक खास पारिवारिक बात लोगों का ध्यान खींच रही है।

दरअसल, किताब के पिछले कवर पर छपी सोनिया गांधी की मुस्कुराती हुई तस्वीर उनके नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा बेग ने खींची है। इस तस्वीर के जरिए किताब में परिवार के साथ सोनिया गांधी के खास जुड़ाव की झलक भी देखने को मिलती है।

नाती रेहान और अवीवा ने खींची सोनिया गांधी की तस्वीर

किताब के बैक कवर पर सोनिया गांधी साड़ी पहने कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराती नजर आ रही हैं। तस्वीर में वह अपने परिचित चश्मे, काजल लगी आंखों और हेयरबैंड से पीछे की ओर समेटे सफेद बालों में काफी सहज दिखाई दे रही हैं। उनकी कलाई पर बंधा कलावा भी तस्वीर में नजर आता है।

इस तस्वीर की सबसे खास बात यह है कि इसे किसी पेशेवर फोटोग्राफर के बजाय उनके नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा बेग ने क्लिक किया है। इस तरह सोनिया गांधी की किताब के बैक कवर की तस्वीर एक खास पारिवारिक याद बन गई है।

राजीव गांधी ने खींची थी किताब के फ्रंट कवर की तस्वीर

सोनिया गांधी की किताब के फ्रंट और बैक कवर की तस्वीरों का जुड़ाव भी काफी दिलचस्प है। किताब के फ्रंट कवर पर लगी तस्वीर उस समय की है, जब सोनिया गांधी महज 20 साल की थीं। इस तस्वीर को उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खींचा था।

वहीं, किताब के बैक कवर पर लगी तस्वीर उनके नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा ने क्लिक की है। यानी किताब के एक कवर पर राजीव गांधी की खींची पुरानी तस्वीर है, तो दूसरे कवर पर नई पीढ़ी के हाथों कैमरे में कैद हुई सोनिया गांधी की मुस्कुराती तस्वीर है।

कौन हैं रेहान वाड्रा और अवीवा बेग?

रेहान वाड्रा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे हैं। वह सोनिया गांधी और राजीव गांधी के नाती हैं। रेहान को बचपन से ही फोटोग्राफी और विजुअल आर्ट में रुचि रही है। वह वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी के क्षेत्र में काम करते हैं।

वहीं, अवीवा बेग दिल्ली की फोटोग्राफर और क्रिएटिव प्रोफेशनल हैं। वह ‘एटेलियर 11’ (Atelier 11) की सह-संस्थापक भी हैं। यह फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी ब्रांड्स, एजेंसियों और स्वतंत्र क्लाइंट्स के साथ काम करती है।

सोनिया गांधी की किताब के बैक कवर पर रेहान और अवीवा की खींची तस्वीर ने इस पुस्तक को एक अलग पारिवारिक भावनात्मक जुड़ाव भी दिया है। जहां किताब के फ्रंट कवर पर राजीव गांधी की याद जुड़ी है, वहीं बैक कवर पर नाती की नजर से सोनिया गांधी की एक नई तस्वीर देखने को मिलती है।

पढ़ी गई 11 बार

Leave a Reply