यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP का मेगा प्लान तैयार, CM योगी ने दिया बड़ा टारगेट, बोले- एक महीने तक बाकी काम छोड़कर वोटर जोड़ने में जुटें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक दूसरे कार्यक्रमों को छोड़कर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के अभियान में जुटने का निर्देश दिया है। पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के जरिए बीजेपी की नजर महिला, युवा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर विशेष रूप से रहेगी।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर रणनीति तैयार की गई।
एक महीने तक चलेगा मतदाता जोड़ो अभियान
बीजेपी ने 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए अगले एक महीने तक किसी दूसरे कार्यक्रम में समय लगाने के बजाय पूरी ताकत इस अभियान में लगाई जाए।
पार्टी ने प्रदेश के करीब 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर प्रत्येक बूथ से कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस हिसाब से पार्टी की कोशिश 86 लाख से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने की है।
महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस
बीजेपी की रणनीति में महिलाओं और युवाओं को खास महत्व दिया गया है। पार्टी उन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर देगी, जो शादी के बाद दूसरे गांव या शहर में चली गई हैं। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी कार्यकर्ता पंचायत चुनाव की मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के आंकड़ों का मिलान कर उन पात्र लोगों की पहचान करेंगे, जिनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
योगी ने 1.27 करोड़ मतदाताओं को लेकर जताई थी चिंता
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया के दौरान 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से छूट गए हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं से ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम दोबारा जुड़वाने के लिए पूरी ताकत से काम करने को कहा है।
बीजेपी नेतृत्व का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में पार्टी अभी से बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाना चाहती है।
कमल साथी ऐप से होगी अभियान की निगरानी
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बीजेपी डिजिटल तकनीक का भी सहारा लेगी। कार्यकर्ताओं को ‘कमल साथी ऐप’ के माध्यम से मतदाताओं से संपर्क करने और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में मदद करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। बूथ और विधानसभा स्तर पर अभियान की प्रगति की निगरानी भी की जाएगी।
इसके अलावा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष शिविर लगाकर पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने की योजना है।
2027 चुनाव से पहले बीजेपी ने तेज की तैयारी
बीजेपी ने जिला और विधानसभा स्तर पर बैठकों के जरिए अभियान को जमीन पर उतारने की रणनीति बनाई है। 20 नवंबर से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय करने की तैयारी है। पार्टी का लक्ष्य मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के साथ-साथ संगठन की बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करना भी है।
राजनीतिक नजरिए से बीजेपी का यह अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।
