ताराली परियोजना की लागत नहीं घटेंगी : अदाणी समूह ने किया खंडन
अदाणी समूह ने अपनी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) पर लगे आरोपों को खारिज किया है कि उसने ताराली पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) की लागत को जानबूझकर घटाया है। समूह का कहना है कि यह कदम वैधानिक दायित्वों को कम करने के लिए नहीं उठाया गया था।
समूह के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन फोरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ क्लीयरेंस प्रपोजल में दर्शाई गई राशि केवल प्रारंभिक स्थलीय जांच और सर्वेक्षण से संबंधित थी। उन्होंने कहा कि राज्य वन्यजीव बोर्ड (एसबीडब्ल्यूएल) ने परियोजना की कुल लागत 5,675 करोड़ रुपये मानी थी।
समूह ने एक मीडिया रिपोर्ट के संदर्भ में कहा कि स्थलीय जांच की लागत परियोजना की कुल लागत का लगभग एक प्रतिशत होती है, इसलिए ऑनलाइन प्रपोजल में 56.75 करोड़ रुपये की राशि केवल स्थलीय जांच और सर्वेक्षण के लिए थी।
एक अंग्रेजी समाचार पत्र ने बताया था कि अदाणी ग्रीन एनर्जी ने संशोधित हलफनामे के माध्यम से ताराली परियोजना की लागत को 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये कर दिया, जिससे सह्याद्री टाइगर रिजर्व के लिए अनिवार्य वन्यजीव संरक्षण अंशदान में भी कमी आई। इस पर केंद्र ने जांच के आदेश दिए हैं।
अदाणी समूह ने यह भी कहा कि परियोजना में कोई संरक्षित वन या वन्यजीव क्षेत्र शामिल नहीं है। ताराली पीएसपी पूरी तरह से निजी, गैर-वन भूमि पर स्थित है और कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर दूर है। समूह ने यह स्पष्ट किया कि परियोजना सह्याद्री टाइगर रिजर्व के अधिसूचित बफर जोन के बाहर है और यह बाघ गलियारे या किसी अधिसूचित ईको-सेंसटिव जोन को प्रभावित नहीं करती है।
