कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, सोनिया गांधी और गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद

कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, सोनिया गांधी और गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद

शिमला। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हाल ही में लॉन्च हुई किताब को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच अब बीजेपी सांसद कंगना रनौत भी विवादों में घिर गई हैं। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भड़काऊ पोस्ट साझा करने के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना की पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी तथा राजीव गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कंगना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 353 और 356 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने, सार्वजनिक शांति से जुड़े अपराधों और मानहानि के प्रावधान शामिल हैं।

10 नवंबर की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत

शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा का आरोप है कि कंगना रनौत ने 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ पोस्ट साझा की थीं। इन पोस्ट में इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ बातें लिखी गई थीं। शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को ईमेल भेजकर मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने और निर्धारित समय-सीमा में साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने बृहस्पतिवार रात 7 बजकर 51 मिनट पर अपनी शिकायत भेजी थी।

सोनिया गांधी को लेकर किए गए दावे पर भी आपत्ति

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंगना की पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को कथित तौर पर एक ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ के रूप में पेश किया गया था। पोस्ट में दावा किया गया था कि जब उनके रिश्तेदारों की एक-एक करके हत्या हुई, तब वह विदेश के एक कैफे में मौजूद थीं। इसके बाद वह देश की सत्ता के शीर्ष पद तक पहुंचीं और उन्होंने एक चौंकाने वाली टिप्पणी की थी।

इसके अलावा पोस्ट में संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी को अचानक पारिवारिक आवास से बाहर निकाले जाने का भी जिक्र किया गया था।

शिकायतकर्ता ने जताई सामाजिक वैमनस्य फैलने की आशंका

कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस तरह की पोस्ट से लोगों के बीच गलत धारणाएं पैदा हो सकती हैं। इससे सामाजिक वैमनस्य बढ़ने और सार्वजनिक शांति भंग होने का खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए डर और दहशत फैलाने के उद्देश्य से कथित रूप से गलत जानकारी प्रसारित की गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस विवाद ने सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी को एक नया मुद्दा दे दिया है।

Leave a Reply