युकांइयों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला

युकांइयों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
  • सहारनपुर में प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष ओमवीर यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया तथा प्रदेश सरकार से ओमवीर यादव को अविलम्ब रिहा किए जाने की मांग की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत युवक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी के नेतृत्व में गुरूद्वारा रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए तथा नारेबाजी करते हुए गुरूद्वारा रोड पर प्रदेश सरकार का पुतला आग के हवाले कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों का दमन करने पर तुली हुई है परंतु कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी सूरत में दमन के आगे नहीं झुकेंगे तथा जनहित की आवाज को सडक़ों पर उतरकर बुलंद करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष का इतिहास रहा है जिसने देश की आजादी से लेकर आज तक सदैव जनहितों की रक्षा के लिए सडक़ों पर आंदोलन करने का काम किया है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दमन के आगे नहीं झुकेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ओमवीर यादव को रिहा नहीं किया गया तो युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर आंदोलन का बिगुल बजाने काम करेंगे। पुतला फूंकने वालों में राजीव गांधी पंचायती संगठन के जिलाध्यक्ष संजय वालिया, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नितिन शर्मा, अशोक सैनी, नसीब खान, मनीष त्यागी आदि शामिल रहे।