योगी के मंत्रियों का दल आज आम जनता से करेगा संवाद
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में पुन: सरकार बनने के बाद पहली बार प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों का दल सहारनपुर पहुंचकर आम जनता से संवाद करेगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की पुन: सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को अलग-अलग मंडलों की जिम्मेदारी सौंपकर जनता के बीच जाकर संवाद करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में सहारनपुर मंडल प्रभारी व उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान प्रौद्योगिकी, इलेक्टॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय, नगर विकास शहरी समग्र विकास, नागरिक रोजगार व गरीबी उन्मूलन राज्यमंत्री राकेश प्रताप सिंह तथा उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार व कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहारनपुर पहुंचकर कल (आज) सर्किट हाऊस में पहुंचकर आम जनता से संवाद करेंगे। तत्पश्चात जिलाधिकारी के साथ विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसी कड़ी में तीनों मंत्रियों का दल पुंवारका में निर्माणाधीन मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय का भ्रमण करने के बाद सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी पहुंचकर मां के दर्शन व आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।