योगी सरकार अब बदलेगी मुजफ्फरनगर जिले का नाम? विधान परिषद में भाजपा नेता ने उठाया मुद्दा

लखनऊ। विधान परिषद में मंगलवार को भाजपा के मोहित बेनीवाल ने मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मी नगर किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराओं के प्रति सम्मान के लिए जरूरी है कि हमारी भूमि व नगरों का नाम भी उसी के अनुरूप हो। ऐसे में महाभारत काल से जुड़े इस जिले का नाम बदला जाना जरूरी है।उन्होंने कहा कि यह केवल नाम बदलने का प्रश्न नहीं है, बल्कि हमारे सांस्कृतिक गौरव, सभ्यता के पुनर्जागरण व ऐतिहासिक सत्य की पुनर्स्थपना का संकल्प है। मुजफ्फरनगर कोई साधारण भूमि नहीं है, महाभारत काल से जुड़े हुए इसी जनपद के शुक्रताल में राजा परीक्षित ने ऋषि शुकदेव से भागवत पुराण का ज्ञान प्राप्त किया था।
क्या यह उचित है कि यह पवित्र स्थान एक मुगल शासक मुजफ्फर अली के नाम से जाना जाए। यह क्षेत्र कृषि,व्यापार व आर्थिक संपन्नता के साथ गुड़ की मिठास का भी केंद्र है। ऐसे में लक्ष्मी नगर नाम क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का प्रतीक बनेगा। यह नाम गंगा के निर्मल प्रवाह जैसा परिवर्तनकारी होगा जो हमारी सभ्यता व सांस्कृतिक गौरव को पुन: स्थापित करते हुए, इस क्षेत्र की पहचान को दिशा देगा।मोहित बेनीवाल ने अंत में कहा कि दिव्यलोक से ज्यादा सुंदर है, भारत का गांव। गर्व से कहो यह मेरा भारत है। यह मेरा भारत है। यह मेरा भारत है।