योगी आदित्यनाथ ने किया हिंदू धर्म की आस्था को मजबूत करने का काम : स्वतंत्र

योगी आदित्यनाथ ने किया हिंदू धर्म की आस्था को मजबूत करने का काम : स्वतंत्र
  • सहारनपुर के सरसावा में बैठक को सम्बोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ मजबूत करने का काम करें क्योंकि जितने भी विरोधी दल हैं वे आज भाजपा के खिलाफ एक दूसरे के साथ गठबंधन कर सत्ता हासिल करना चाहते हैं।

प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आज कस्बा सरसावा के एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्यों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बहाने का काम किया है। चाहे हाइवे हो या सड़कों का काम, रेलवे का दोहरीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, शुलभ शौचालय निर्माण का काम हो अथवा आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, विधवा, वृद्धावस्था, विकलांग पेंशन हो, सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। साथ ही कोरोना संक्रमण के मद्देनजर मुफ्त राशन भी दोगुनी मात्रा में वितरित किया जा रहा है। साथ ही दाल, चीनी, नमक व तेल का वितरण भी कराया जा रहा है ताकि प्रदेश की जनता को परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आने वाले मठ-मंदिरों को मजबूत कर हिंदू धर्म की आस्था को सुदृद्ध करने का काम किया है, चाहे अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हो या काशी में विश्वनाथ मंदिर के सौंदर्यकरण का काम हो। पूरे प्रदेश में मंदिरों के सौंदर्यकरण की चिंता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ धोखा करने वालों का भी कार्यकर्ताओं को इलाज करना है और उन्हें सबक सिखाना है क्योंकि सहारनपुर की जनता धोखा देने वालों को पसंद नहीं करती और शांति का माहौल चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा कोई दूसरा दल शांति नहीं दे सकता। इसलिए सहारनपुर की जनता भाजपा के पक्ष में ही वोट करेगी। उन्होंने जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताने का आह्वान किया।

इस दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, जिला प्रभारी देवेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, नकुड़ विधानसभा प्रभारी रामजीलाल कश्यप, विधानसभा संयोजक अजीत राणा, नकुड़ प्रत्याशी मुकेश चौधरी, जिला महामंत्री राधेश्याम शर्मा, जिला मंत्री संजय राणा, नगर पालिका चेयरमैन बिजेंद्र मोगा, धनीराम सैनी, राजू पंडित, सचिन काम्बोज, अंकित पंवार, मंडल अध्यक्ष रामनाथ धीमान, राकेश वर्मा, सुभाष चौधरी, अमरीश राणा, सुशील काम्बोज सहित भारी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।