एक्स मुस्लिम ‘सलीम वास्तिक’ मामले में यति नरसिंहानंद गिरि की CM योगी को चुनौती, ‘मेरा कत्ल करके…’
यूपी के गाजियाबाद में खुद को पूर्व मुस्लिम बताने वाले सलीम वास्तिक पर उनके घर में जानलेवा हमला किया गया, उन पर हमलावरों ने चाकुओं से कई वार किए हैं. हमले में घायल एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं इस घटना के विरोध में गाजियाबाद स्थित डासना मंदिर के महंत और श्री पंच जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधी चुनौती दे डाली है.
दरअसल, अज्ञात हमलावरों के हमले में घायल एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक से मिलने के लिए डासना मंदिर के महंत और श्री पंच जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि जाना चाह रहे थे, लेकिन गाजियाबाद पुलिस ने उन्हें मंदिर में रोक लिया. पुलिस द्वारा रोके जाने से यति नरसिंहानंद गिरि भड़क गए, उन्होंने पुलिस के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नकली हिंदू बताते हुए चुनौती दी है.
‘सिर्फ मेरा कत्ल करके रोका जा सकता है’
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यति नरसिंहानंद गिरि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देते हुए कह रहे हैं कि, “पुलिस को आज मुझे मारना होगा, मैं सलीम भाई को देखने जाऊंगा.” उन्होंने कहा, “आज सिर्फ मेरा कत्ल करके मुझे रोका जा सकता है, नहीं तो मैं सलीम भाई से मिलने जाऊंगा.”
‘मैं नकली हिंदूवादी नहीं’
यति नरसिंहानंद गिरि गाजियाबाद पुलिस की तरफ उंगली दिखाते हुए कहा कि “आज ये लोग मेरा कत्ल करेंगे, कत्ल ऐसे नहीं करेंगे, बल्कि जितने सामने पड़ेंगे सबको मार दूंगा” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए कहा कि, “मैं नकली हिंदूवादी नहीं हूं, मुझे न मुख्यमंत्री बनना है, मुझे प्रधानमंत्री बनना है.”
‘सलीम भाई ने हजार गुना किया सनातन का काम’
यति नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि, मैं अपने मरते हुए साथी को देखने न जाऊं, सलीम भाई ने हजार गुना सनातन का काम किया है. उन्होंने कहा कि, या तो मैं सलीम भाई से मिलने जाऊंगा या इस मंदिर में मारा जाऊंगा. आपको बता दें कि एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक एक यूट्यूबर हैं और वे मुस्लिम कुरीतियों पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं, यही बात विरोधियों को नागवार गुजर गई. इस मामले में सलीम के बेटे ने AIMIM नेता अजगर और भाटी बिल्डर समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है.
