मनरेगा योजना का नाम परिवर्तित होने से श्रमिकों को होगा नुकसान: इमरान मसूद
- सहारनपुर में जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस सांसद इमरान मसूद।
सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मनरेगा का नाम परिवर्तित किए जाने के कारण गरीब मजदूर पर इसका असर होगा और बांग्लादेश के मुद्दे पर जिस प्रकार से केंद्र सरकार ने चुप्पी साधी है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्र सरकार को इस मामले पर कठोर कदम उठाना चाहिए।
सांसद इमरान मसूद आज गुरुद्वारा रोड स्थित पार्टी जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी का जन्मदिन संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया और मनरेगा का नाम परिवर्तन किए जाने के विरोध में आगामी 100 दिन तक आंदोलन किए जाने की घोषणा की गई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत किए जाने और मनरेगा के माध्यम से गरीब मजदूर के उत्थान का कार्य किया जा रहा था, लेकिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के आदर्श और सिद्धांतों को मजबूत करने की उद्देश्य से कांग्रेस सरकार ने योजना आरंभ की थी, लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार कभी नहीं चाहती कि गांधी विचारधारा को आगे बढ़ाया जा सके। इसी के चलते मनरेगा योजना का नाम परिवर्तित कर गरीबों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना में केंद्र सरकार का 90 प्रतिशत और प्रदेश सरकार का 10ः योगदान रहता था, लेकिन भाजपा सरकार ने योजना का नाम बदलने के साथ-साथ योजना का अंशदान भी बदल दिया है, जिसमें आप केंद्र सरकार को 60 फीसदी और प्रदेश सरकार को 40 फीसदी अंशदान देना होगा, जिस कारण प्रदेश सरकार यह अंशदान नहीं दे पाएगी और यह योजना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के हो रहे नरसंहार पर कहा भाजपा की केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप है जो अपने आप में एक सवालिया निशान बन रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि नरसंहार रख सके। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस योजना का नाम जी राम जी नहीं वी वी राम है और इस योजना का नाम परिवर्तन किए जानने के विरोध में 100 दिन तक आंदोलन किया जाएगा जिसके तहत गांव-गांव में केंद्र सरकार की गलत नीतियों को उजागर कर जनता को जागरूक करने के साथ-साथ कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा।
सांसद इमरान मसूद ने कहा कि 100 दिन के अभियान के अंतर्गत संविधान संवाद महापंचायत मनरेगा बचाओ संग्राम एस आई आर पर चर्चा होगी तथा पंचायत चुनाव एमएलसी चुनाव को लेकर भी विचार मंथन होगा इसके अलावा सेवा और बलिदान एवं संगठन सजृन पर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रमाबाई मैदान लखनऊ में महा रैली का आयोजन भी होगा। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
