बाइक रैली निकालकर जिला मुख्यालय पर गरजे भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता

- सहारनपुर में बाइक रैली निकालते भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण व अन्नदाता किसानों की समस्याओं के विरोध में बाइक रैली निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
भाकियू वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में तल्हेड़ी बुजुर्ग बस स्टैंड पर एकत्र हुए जहां से बाइक रैली के रूप में नागल, लाखनौर, पेपर मिल रोड, विश्वकर्मा चौक, चौ. चरणसिंह चौक, नुमाईश कैम्प, देहात कोतवाली, थाना मंडी, कल्पना टाकिज, थाना कुतुबशेर, घंटाघर चौक, दीवानी कचहरी होते हुए जोरदार नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि जब तक देश व प्रदेश के अन्नदाता किसानों की समस्याएं हल नहीं होंगी तब तक देश आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हो सकता क्योंकि किसानों की उन्नति से ही देश की उन्नति संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल में किसानों की आय दोगुनी होना तो दूर आधी भी नहीं रह गई है।
श्री वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक बड़ा राज्य है जिसका विभाजन जरूरी है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किया जाए। भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी व प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि किसानों की उन्नति के लिए किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाया जाए तथा किसानों के सभी कर्ज माफ करने के साथ-साथ मनरेगा योजना को सीधे खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराए जाएं।
प्रदेश उपाध्यक्ष पं. नीरज कपिल व महानगर अध्यक्ष मौ. जहीर तुर्की ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा देश के सभी हाइवे से टोल टैक्स समाप्त कराया जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में तत्काल प्रभाव से कृषि कार्य के लिए किसानों की नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में डा. अशोक मलिक, मौ. रजा, मुनेश पाल बुद्धू, स. गुरविंद्र सिंह बंटी, सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, मौ. वसीम, हाजी कलीमुर्रहमान, चौ. रणवीर सिंह, रामपाल, जगतार सिंह, मिंटू चौधरी, शेखर सिंह, देवेंद्र चौधरी, ऋषिपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, हाजी सुलेजान, हाजी इरफान, महेंद्र चौधरी, आकाश चौधरी, मांगेराम सैनी समेत भारी संख्या में किसान शामिल रहे।