shobhit University Gangoh
 

जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय पर गरजे भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता, सौंपा ज्ञापन

जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय पर गरजे भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता, सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में देवबंद में जुलूस के रूप में प्रदर्शन करते भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता।

देवबंद। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने किसान बचाओ आंदोलन के तहत जुलूस निकालकर उपजिलाधिकारी देवबंद के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया तथा प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाकियू वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता तल्हेड़ी बुजुर्ग में एकत्र हुए जहां से वे मोर्चा संयोजक भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली, कारों व बाइकों के काफिले के साथ जामिया तिब्बिया कालेज, तल्हेड़ी चुंगी, मंगलौर चौकी, मुजफ्फरनगर बस स्टैंड, मुजफ्फरनगर चुंगी होते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना दिया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति व युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। पृथम पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर यहां प्रति व्यक्ति आय वार्षिक आय कतर देश से भी अधिक होगी और शिक्षित युवाओं को सरकारी एवं प्राइवेट नौकरियां मिलेंगी।

श्री वर्मा ने कहा कि भारत के कृषि देश होने के बावजूद केंद्र व प्रदेश की सरकारें लगातार अन्नदाता किसानों का शोषण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार चीनी मिलों से किसानों को उनका गन्ना मूल्य भुगतान व ब्याज नहीं दिला पा रही है और गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए कुंतल भी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी दोनों हाथों से किसानों, मजदूरों व गरीबों को मोटी रकम रिश्वत के रूप में लेकर लूट रहे हैं। वैध कनेक्शन होने के बावजूद भी छापे डालकर 50 हजार से 1 लाख रूपए तक के बिल वसूले जा रहे हैं। उन्होंने सरकार, चीनी मिल मालिक, विद्युत विभाग गन्ना विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आम जनता को विद्युत विभाग ने परेशान करना बंद नहीं किया और पृथक राज्य का निर्माण नहीं किया गया, प्रदेश की चीनी मिलों से किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान, ब्याज व गन्ने का लाभकारी मूल्रू 600 रूपए प्रति कुंतल नहीं किया गया तो भाकियू वर्मा एवं पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

राष्ट्रीय महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी ने टोल टैक्स समाप्त करने, मनरेगा योजना को खेती से जोडऩे, किसानों को कृषि कार्य के लिए नि:शुल्क बिजली देने, किसानों के कर्ज माफ करने व खेती को लाभकारी बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को केंद्रीय अध्यक्ष सत्यपाल यादव एडवोकेट, पूर्व डीएसपी जगदीश सिंह, भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी, रैली संयोजक मा. रईस अहमद, प्रदेश सचिव मौ. वसीम ने भी सम्बोधित किया।

धरने की अध्यक्षता राव रजा खान व संचालन राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी ने किया। धरना प्रदर्शन व जुलूस में वाजिद प्रधान, बुद्धू हसन, महबूब हसन, मौ. वसीम जहीरपुर, हाजी सुलेमान, यासीन त्यागी, इंजी. सुभाष त्यागी, डा. यशपाल त्यागी, धनप्रकाश त्यागी, चौ. जसवंत सिंह, अशोक चौधरी, सुधीर चौधरी, मुन्ना, वाहिद, मौ. शाहिद, राजवीर सैनी, अमित चौधरी, बबलू, मनोज चौधरी, राजकरण चौधरी, सुभाष शर्मा, रविंद्र प्रधान, अरूण मलिक, चंद्रशेखर शर्मा, पीयूष शर्मा, नाथीराम शर्मा, मो. वाजिद, मो. एहतेशाम, मो. मुखिया त्यागी, हाजी मन्नान त्यागी, मौ. इनायत त्यागी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamia Tibbia