विभिन्न मांगों को लेकर एडीएम कार्यालय पर गरजे भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता

विभिन्न मांगों को लेकर एडीएम कार्यालय पर गरजे भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता
  • सहारनपुर में अपर जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी करते भाकियू वर्मा से जुड़े किसान।

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की मासिक बैठक में किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने पर रोष व्यक्त किया गया। बैठक के बाद किसानों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कार्यालय पर नारेबाजी व प्रदर्शन कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

स्थानीय कलक्ट्रेट परिसर में भाकियू वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की मासिक बैठक को सम्बोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाकियू वर्मा के संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किया जाना चाहिए क्योंकि उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य होने के कारण यहां के 25 करोड़ लोग गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की चपेट में है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। इसके बावजूद अन्नदाता किसानों को कर्जमंद होकर आत्महत्या करनी पड़ रही है जो केंद्र व प्रदेश में बैठे नेताओं के लिए शर्मनाक है।

वर्मा ने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों को डा. एम. एस. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करके उनकी फसलों को लाभकारी मूल्य दिलाया जाए। गन्ना किसानों को चीनी मिलों से गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल, चीनी मिलों से 14 दिन के अंदर गन्ना मूल्य भुगतान कराने, उत्तर प्रदेश की 120 चीनी मिलों पर गन्ना किसानों को 11 हजार करोड़ रूपए ब्याज दिलाने की मांग की। उन्होंने खेती को मनरेगा योजना से जोडऩे तथा चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप पंजाब की तरह कृषि कार्य के लिए नि:शुल्क बिजली दिलाने तथा आम उपभोक्ता को आधे रेत में बिजली दिलाने तथा जनपद सहारनपुर की बंद पड़ी चीनी मिलों को चलवाने की मांग की।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज कपिल व संचालन राष्ट्रीय सहसंयोजक रविंद्र चौधरी ने किया। बैठक को वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश महासचिव आसिम मलिक, विनोद सैनी, राव रजा खान, सुशील गुर्जर धारकी, वसीम जहीरपुर, गुरविंदर सिंह बंटी, बबलू चौधरी ने भी सम्बोधित किया।

बैठक व प्रदर्शनकारियों में मो. राशिद, मो. महबूब हसन, हाजी बुद्धू हसन, कृष्णपाल सिंह, सुमित चौधरी, सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, गुरजीत सिंह, अभिषेक चौधरी, मो. शाहनवाज, मोहर्रम, मो. मुकर्रम, प्रधान डा. मोहसिन, भूपेंद्र चौधरी, विकास आर्य, हरपाल सिंह, रविंद्र चौधरी, चौ. नीरपाल सिंह, सुधीर चौधरी, नफीस अहमद, तबरेज आलम, मो. फाजिल, हाजी साजिद, हाजी सुलेमान, मो. राशिद, विशाल त्यागी, सुभाष त्यागी, यशपाल त्यागी, नैनसिंह, नरेंद्र व बिल्लू आदि शामिल रहे।