मतदाता पुनरीक्षण अभियान के नए वोट बनवाने का काम करें कार्यकर्ता: सविता

- सहारनपुर में सपा की मासिक बैठक को सम्बोधित करते जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता ने कहा कि सपा कार्यकर्ता मतदाता पंजीकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अधिक से अधिक नए मतदाता बनवाने का काम करें ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता आज यहां अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक व सैन समाज के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों की वजह से किसान, मजदूर, शिक्षक, व्यापारी, छात्र आदि वर्ग आदि त्रस्त हैं। किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। पिछले पेराई सत्र का अभी तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पा रहा है। छात्रों की शुल्क प्रतिपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जीत का लक्ष्य लेकर चुनावी तैयारियों में जुट जाएं ताकि प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।
सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि सभी पदाधिकारी मासिक बैठक में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें ताकि प्रदेशस्तर से आने वाले कार्यक्रमों से अवगत होकर उन्हें सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व मंत्री सरफराज खान, प्रदेश सचिव चौ. बख्तावर सिंह, जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी ने कहा कि सपा ही भाजपा का एकमात्र विकल्प है। इसलिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में कराए गए विकास कार्यों से अवगत कराने का काम करें। अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन लियाकत अली एडवोकेट, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी 30 नवम्बर तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मतदाता सूची में अपना व अपने परिजनों का नाम चेक कर लें तथा जिनके वोट नहीं बने हैं, प्राथमिकता के आधार पर उनके वोट बनवाने का काम करें।
बैठक में प्रवीण बांदूखेड़ी, मीडिया प्रभारी राव वजाहत, महजबी खान, हसीन कुरैशी, चौ. अब्दुल गफूर, राजवीर यादव, राजेश सैनी बड़कला, नितिन यादव, इंजी. विजेश शर्मा, संदीप उर्फ अच्छन यादव, फैसल सलमानी, मांगेराम कश्यप, उदयवीर कश्यप, ऋषिपाल सांसी, वासिल तोमर, नागेंद्र राणा, वेदपाल पटनी, जसवीर वाल्मीकि, प्रदीप चौधरी, कुंवरपाल गुर्जर, चौ. जुमला सिंह, जैलसिंह लाम्बा, सीताराम आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।